अजमेर/किशनगढ़ (हरिप्रसाद शर्मा)। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किशनगढ़ स्थित मार्बल डंपिंग यार्ड में घूमने आई एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्र व्यवहार और अश्लील टिप्पणियां करने के गंभीर मामले में अजमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए महज कुछ ही घंटों में यह कार्रवाई की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
किशनगढ़ का सफेद मार्बल डंपिंग यार्ड देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और प्री-वेडिंग शूट के लिए खासा लोकप्रिय है। यहां भ्रमण पर आई एक विदेशी (इजरायली) महिला पर्यटक के साथ कुछ स्थानीय युवकों ने न केवल बदसलूकी की, बल्कि आपत्तिजनक व अश्लील फब्तियां भी कसीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही गांधीनगर थाना पुलिस (सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार) ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत स्वतः संज्ञान लिया और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
पर्यटक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि (आईपीएस) तथा जिला पुलिस अधीक्षक मन हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) ने सख्त निर्देश जारी किए।
उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. लालचंद कायल और पुलिस उपाधीक्षक किशनगढ़ धर्मराज चौधरी के सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गांधीनगर थानाधिकारी अनिल शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व वाली इस टीम ने वायरल वीडियो के तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण
पुलिस गिरफ्त में आए चारों आरोपी किशनगढ़ के ही रहने वाले हैं:
- मोहम्मद फुरखान (25 वर्ष): पुत्र मुस्ताक अली, निवासी सराणा रोड, किशनगढ़
- मोहम्मद अनीस (21 वर्ष): पुत्र मुस्ताक अली, निवासी सराणा रोड, किशनगढ़
- फरहान (24 वर्ष): पुत्र सराज शेख, निवासी रामनेर रोड, किशनगढ़
- अख्तर अली (22 वर्ष): पुत्र शकील मोहम्मद, निवासी रामनेर रोड, किशनगढ़
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।