जयपुर पश्चिम/ गौरव कोचर/जयपुर शहर (पश्चिम) के कालवाड़ थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर चोर को वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बनी विशेष टीम
पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी व नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम राजेश गुप्ता व सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त झोटवाड़ा शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन में थानाधिकारी कालवाड़ सुरेश सिंह (पु०नि०) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
सूने मकान को बनाया था निशाना
घटनाक्रम के अनुसार 21 जून 2026 को परिवादी शंकर लाल खंडेलवाल (निवासी: ब्राह्मणों का मोहल्ला, संस्कृत स्कूल के पास, हाथोज, कालवाड़ रोड) ने मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया कि वह और उसका भाई सुबह अपने-अपने काम पर गए थे। जब वे शाम करीब 8 बजे वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से करीब 15,000 रुपये नकद, दो चांदी के सेट और कुछ चांदी के सिक्के पार कर दिए थे। पीड़ित के घर पर चोरी की यह दूसरी वारदात थी।
मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन चोरों और नकबजनों पर निगरानी शुरू की। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों से मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी को नामजद किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जून 2026 को आरोपी हर्षिल नागलिया उर्फ बंटी (पुत्र सतीश चंद नांगलिया, निवासी: 53, गोविंद नगर, हाथोज) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया सारा सामान और नकदी बरामद कर ली है।
स्मैक का आदी है आरोपी, पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हर्षिल नागलिया उर्फ बंटी स्मैक के नशे का आदी है। वह अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए दिन और रात के समय सुनसान इलाकों में रेकी करता था और सूने मकानों व दुकानों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित सदस्य शामिल रहे:
पुलिस टीम: शेर सिंह हैड कानि. 1272, सीताराम हैड कानि. 1759, दुर्गाप्रसाद हैड कानि 1453, हीरालाल कानि. 10180, नेमाराम कानि 10510 एवं हंसराज कानि. 11479।