कानोता पुलिस की बड़ी सफलता: लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर राजेन्द्र मीणा गिरफ्तार
जयपुर | 10 जनवरी, 2026
| गौरव कोचर
जयपुर पूर्व जिले की कानोता थाना पुलिस ने वाहन चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली है। पकड़ा गया आरोपी राजेन्द्र मीणा कानोता थाने का ही हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में चोरी और नकबजनी के 14 मामले दर्ज हैं।
क्या था मामला?
मामले के अनुसार, परिवादी राजू लाल मीणा ने 2 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 जनवरी की रात उसने अपनी लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नायला स्थित एक परिचित के घर के बाहर खड़ी की थी। अगली सुबह वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली। इस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और आरा मशीनों पर दबिश से मिला सुराग
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन के निर्देशानुसार थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए:
- घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
- क्षेत्र की सभी आरा मशीनों और लकड़ी के व्यापारियों से सघन पूछताछ की।
- तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लकड़ियों सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर आरोपी को धरदबोचा।
हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त राजेन्द्र मीणा (32 वर्ष), निवासी ग्राम सेवापुरा, बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस ने उसे 9 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुनीन्द्र सिंह (पु.नि.), श्रवण लाल (सउनि), प्रकाश, मन्तराम, मुस्ताक और सुरेश चन्द (कानि) शामिल रहे।

