जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस थाना सोडाला (जयपुर दक्षिण) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2019/2020 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर फर्जी परीक्षा दिलवाने वाले ₹5000 के इनामी फरार अपराधी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सरकारी नौकरी पाने के लालच में अपनी जगह अपने सगे छोटे भाई से परीक्षा दिलवाई थी।
घटना का विवरण
राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा 7 नवंबर 2020 को आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान जीआरपी अजमेर के अभ्यर्थी सोनू यादव (रोल नंबर 319270662) के स्थान पर उसका सगा छोटा भाई मनोज कुमार यादव परीक्षा केंद्र चौधरी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जनता नगर रांकड़ी (सोडाला, जयपुर) में परीक्षा देने बैठा था।
इस मामले में संजय यादव (सहायक प्रशासनिक अधिकारी, प्रभारी भर्ती अनुभाग, पुलिस मुख्यालय जयपुर) की रिपोर्ट पर पुलिस थाना सोडाला में मुकदमा संख्या 155/2021 धारा 419, 467, 468, 471 और 120बी आईपीसी के तहत दर्ज किया गया था।
दूसरा आरोपी भाई पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाला मनोज यादव घटना के समय भिवाड़ी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था और वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के पद पर कार्यरत था। उसे सोडाला पुलिस द्वारा 28 जुलाई 2026 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरार सोनू पर घोषित था ₹5000 का इनाम
घटना के बाद से मुख्य आरोपी सोनू यादव लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (आईपीएस) के अनुसार, लंबे समय से रूहपोश चल रहे सोनू यादव की गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा (आरपीएस) के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला सतेन्द्र सिंह नेगी (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी मनोज बेरवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- नाम: सोनू यादव पुत्र स्व. अशोक कुमार यादव (उम्र 33 वर्ष)
- निवासी: वार्ड नंबर 01, गांव शिवदानसिंहपुरा, पोस्ट खोहर, थाना नीमराणा, जिला कोटपूतली-बहरोड़
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
मनोज बेरवाल (पु.नि. थानाधिकारी थाना सोडाला), जय कुमार (उ.नि.), रामसिंह (एचसी 2100, साइबर सेल), लोकेश (एचसी 634, साइबर सेल), गणेशराम (कानि. 9576, विशेष भूमिका), रविन्द्र (कानि. 11156)।