Telegraph Times
Lokendra Singh
जयपुर:विधायक कुलदीप धनखड ने प्रदेश के समाज सेवियों और भामाशाहों से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘कर्मभूमि से मातृभूमि जन भागीदारी जल संचय’ के अभियान में जुड़ने का आह्वान किया है। राज्य सरकार इस अभियान से प्रदेश की हर ग्राम पंचायत को जोड़ेगी और हर पंचायत में चार-चार रिचार्ज वाटर शाफ्ट बनाए जाएंगे।
धनखड़ ने कहा कि देश और दुनिया में पानी की उपलब्धता बहुत बड़ा संकट है। राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल से जुड़ी समस्या के स्थाई समाधान के लिए नदियों को जोड़ने की ईआरसीपी परियोजना लेकर आए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतत्व में हमारी सरकार प्रदेश के प्रत्येक घर में पानी पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।
धनखड़ ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस के नेता लगातार अनर्गल वक्तव्य देकर हमारी सरकार पर आरोप लगाते हैं। उन्होंने पांच साल में पानी और किसानों के भले को लेकर कोई काम नहीं किया। कांग्रेस के शासन में सिर्फ घोटाले और भ्रष्टाचार हुए। कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहा है। लेकिन भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती है। कांग्रेस के लोग पांच साल तक ईआरसीपी को लेकर बैठे रहे कोई काम नहीं किया। उसको भाजपा ने ही पूरा किया। कांग्रेस के नेता केवल ट्विटर पर एक्टिव हैं और ठीक से विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रहे हैं।
धनखड़ ने कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा वो किया। सबसे पहले टास्क फोर्स का गठन कर पेपरलीक प्रकरण में आरोपितों को जेल भेजा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नौजवानों को 4 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया है। उस संकल्प को पूरा करने के लिए हम प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर हो रहा है।