ओरल रीडिंग फ्लूएंसी कार्यक्रम पर चर्चा, 8 सितंबर को मेगा पीटीएम — शासन सचिव शिक्षा की अध्यक्षता में बैठक
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
12 अगस्त 2025, जयपुर।
मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान (MSRA) के अंतर्गत कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए संचालित ओरल रीडिंग फ्लूएंसी (ORF) कार्यक्रम की प्रगति एवं आगामी योजनाओं पर शिक्षा संकुल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शासन सचिव, शिक्षा श्री कृष्ण कुणाल ने की।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि ORF कैंपेन के परिणाम 1 सितंबर तक जारी किए जाएं और 8 सितंबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, 5 सितंबर को ‘रीडिंग रेमेडिएशन’ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा।
श्री कुणाल ने कहा कि रीडिंग रेमेडिएशन का उद्देश्य कमजोर पठन क्षमता वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त अभ्यास, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और निरंतर मूल्यांकन के माध्यम से उनकी पढ़ने की दक्षता में सुधार करना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि —
- विद्यार्थियों तक पुस्तकें एवं वर्कबुक शीघ्र वितरित की जाएं।
- टीचर ऐप पर आवश्यक लर्निंग वीडियो अपलोड किए जाएं।
- सिटिंग मॉडल का प्रभावी क्रियान्वयन हो, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी पठन क्षमता के स्तर के अनुसार बैठाकर लक्षित सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनकी सीखने की गति बढ़ सके।
बैठक में राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त श्रीमती अनुपमा जोरवाल, निदेशक प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा श्री सीताराम जाट, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक श्री सुरेश कुमार बुनकर, उपायुक्त डॉ. ओमप्रभा, यूनिसेफ, बीसीजी और वाधवानी फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
