ओपनएआई का दावा – 44 पेशों में इंसानी विशेषज्ञों की बराबरी कर सकता है चैटजीपीटी
गणेश शर्मा
01 अक्टूबर 2025। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम करने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने मंगलवार को दावा किया कि उसका चैटजीपीटी (ChatGPT) मॉडल 44 अलग-अलग पेशों में मानव विशेषज्ञों की टक्कर दे सकता है। इसी के साथ कंपनी ने एक नया फीचर भी लॉन्च किया है, जिसके तहत उपयोगकर्ता चैट इंटरफेस से बाहर जाए बिना ही Etsy और Shopify जैसे प्लेटफॉर्म से सीधे उत्पाद खरीद सकेंगे।
यह दावा ओपनएआई के नए GDPval बेंचमार्क पर आधारित है, जो वास्तविक कार्यों पर एआई के प्रदर्शन को परखता है। इसमें नौ प्रमुख उद्योगों से जुड़े 1,320 कार्य शामिल किए गए, जो अमेरिकी जीडीपी में सबसे अधिक योगदान देने वाले माने जाते हैं। कार्यों को तैयार करने और मूल्यांकन करने का काम औसतन 14 वर्षों का अनुभव रखने वाले उद्योग विशेषज्ञों ने किया।
कौन रहा आगे, कौन पीछे
इस मूल्यांकन में एंथ्रॉपिक (Anthropic) का Claude Opus 4.1 ओपनएआई के मॉडल्स से बेहतर साबित हुआ। क्लॉड ने मानव पेशेवरों की तुलना में 47.6% “विन और टाई रेट” हासिल किया, जबकि ओपनएआई का नवीनतम GPT-5 मॉडल 38.8% पर रहा।
हालांकि, पिछले साल लॉन्च हुए GPT-4o का प्रदर्शन केवल 13.7% था। इस लिहाज से GPT-5 ने लगभग तीन गुना बेहतर नतीजे दिए हैं।
तेज़ और सस्ता समाधान
ओपनएआई का कहना है कि उसके मॉडल्स इन पेशेवर कार्यों को इंसानों की तुलना में 100 गुना तेज़ और 100 गुना सस्ते में पूरा करने की क्षमता रखते हैं। इसमें सॉफ्टवेयर डेवलपर, वकील, नर्स, वित्तीय सलाहकार और सामाजिक कार्यकर्ता जैसे पेशे शामिल हैं।
शोधकर्ता का बयान
ओपनएआई की शोधकर्ता तेजल पाटवर्धन ने कहा –
“हमारे पास अब ऐसा तरीका है जिससे हम मॉडल्स को असली दुनिया के कार्यों पर परख सकते हैं, न कि केवल शैक्षणिक टेस्ट पर। यह हमारी प्रगति को एजीआई (Artificial General Intelligence) की दिशा में मापने का एक महत्वपूर्ण कदम है।”