गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जयपुर पश्चिम पुलिस ने ऑपरेशन ‘Action Against Guns’ (AAG) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एक मुल्जिम को अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है।
विशेष अभियान के तहत हुई धरपकड़
पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 28 और 29 मार्च 2026 को जिले में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी और हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध विशेष धरपकड़ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त झोटवाड़ा आलोक कुमार सैनी के सुपरविजन में कालवाड़ थाना पुलिस ने जाल बिछाया।
बावरियों की ढाणी में कार्रवाई, आरोपी दबोचा
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बावरियों की ढाणी, ग्राम रामकुई (पचार) में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50 वर्षीय मुल्जिम बनवारी पुत्र स्व. रामप्रताप जाति बावरिया को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया।
- बरामदगी: मुल्जिम के कब्जे से एक अवैध बंदूक बरामद की गई है।
- विधिक कार्रवाई: पुलिस ने मुल्जिम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सुरेश सिंह, रामनारायण, शेरसिंह हैड कानि. 1272 और हीरालाल कानि. 10180 शामिल रहे।
जयपुर पश्चिम पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
