ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मादक तस्कर पर शिकंजा, 1 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 16 सितम्बर। प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कुख्यात तस्कर घनश्याम उर्फ लड्डू की करीब 1 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है।
करोड़ों की ब्राउन शुगर बरामद
एसपी आदित्य ने जानकारी दी कि 16 फरवरी 2025 को प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोका था। तलाशी के दौरान ट्रक के गुप्त डीजल टैंक में 20 किलो 820 ग्राम ब्राउन शुगर क्रूड बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई। इस मामले में ट्रक चालक और तस्कर घनश्याम उर्फ लड्डू व खलासी पुष्कर लाल मीणा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि घनश्याम मणिपुर से ब्राउन शुगर लाकर प्रतापगढ़, मंदसौर और मारवाड़ क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तस्करी करता था।
अवैध कमाई से खड़ी की आलीशान संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ कि घनश्याम ने नशे के अवैध धंधे से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की थी। इसमें प्रतापगढ़ के तिलक नगर स्थित 60 लाख रुपये का आलीशान मकान, लगभग 20 लाख रुपये का ट्रक और करीब 20 लाख रुपये की लग्जरी फॉर्च्यूनर कार शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
पुलिस ने विस्तृत वित्तीय जांच कर रिपोर्ट भारत सरकार के कॉम्पिटेंट अथॉरिटी और एडमिनिस्ट्रेटर सफेमा एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजी। अथॉरिटी ने 16 सितम्बर 2025 को पुलिस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और इन संपत्तियों को फ्रीज करने की अनुमति दी।
अपराधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
एसपी बी. आदित्य ने कहा कि भविष्य में भी नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों और उनके सहयोगियों पर ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की अवैध कमाई से अर्जित किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।