जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम (DST) और गांधी नगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी करने वाली एक महिला सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 ग्राम 07 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर पूर्व रंजीता शर्मा (IPS) के अनुसार, विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओम प्रकाश (IPS) के निर्देश पर शहर के शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों और संवेदनशील इलाकों में मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन (RPS) के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर नारायण लाल वाजिया (RPS) के निर्देशन में DST प्रभारी सुखवीर सिंह (पु.नि.) व थानाधिकारी भजनलाल (पु.नि.) के नेतृत्व में संयुक्त टीमों का गठन किया गया था।
गोविंदगढ़ निवासी महिला गिरफ्तार, झालाना इलाके में करती थी सप्लाई
गठित टीम ने मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन के आधार पर गांधी नगर थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए मुन्नी देवी सांसी (27 वर्ष) पत्नी राकेश सांसी, निवासी गोरी का बास, थाना गोविंदगढ़ (जिला जयपुर ग्रामीण) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 ग्राम 07 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला बाहर से स्मैक लाकर जयपुर में सक्रिय स्थानीय पेडलर्स और परिचितों को सप्लाई करती थी। वह पिछले तीन-चार महीनों से विशेषकर जयपुर पूर्व के झालाना इलाके में स्मैक की खेप पहुंचा रही थी। आरोपी महिला के खिलाफ गांधी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 8/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर मुख्य सप्लायर व नेटवर्क के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम:
सुखवीर सिंह पु.नि., बन्ना लाल उ.नि., तुलसीराम हैड कानि 644, देवेन्द्र सिंह कानि 10119, देवेन्द्र कानि 11068, विजय सिंह कानि 11194, नीरज कानि 11204, पवन कानि 12075, जितेन्द्र सिंह कानि चालक 5500, रामनिवास उ.नि., मोहरपाल कानि 7210, बनवारी कानि 8402, सुभाष कानि 9395, महेन्द्र कानि 11663, मीना देवी कानि 11482, छीतरमल स.उ.नि., राजेश कानि 7730, राकेश कानि 1154 और हेमन्त कानि 11078।