ऑपरेशन क्लीन स्वीप: जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन क्लीन स्वीप: जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

| गौरव कोचर

जयपुर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत जयपुर आयुक्तालय की सीएसटी (CST) टीम और अशोक नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 85 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है।

ऐसे बिछाया गया जाल

​पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशन में सीएसटी टीम लगातार मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को चिन्हित कर रही थी। पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह के सुपरविजन में टीम को सूचना मिली कि अशोक नगर क्षेत्र में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप आने वाली है।

​इस सूचना पर सीएसटी और अशोक नगर थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से भोजपुरा कच्ची बस्ती में दबिश दी। वहां संदिग्ध अवस्था में मिले एक युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

​पुलिस ने आरोपी रवि कुशवाह (उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूलतः गांव निवसाई, जिला भिण्ड (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल जयपुर की भोजपुरा कच्ची बस्ती में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।

कानूनी कार्रवाई और अपील

​अशोक नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21 और बीएनएस की धारा 111(2)(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

पुलिस टीम: कार्रवाई में खलील अहमद, सतीश कुमार, महिपाल सिंह, आनंद प्रकाश, रामलाल, महावीर, प्रकाश, अमर सिंह और सरिता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related