जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर कमिश्नरेट द्वारा अवैध हथियारों की रोकथाम और संगठित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘आग’ (Action Against Gun) के तहत जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम (DST) और मालवीय नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 अवैध देशी कट्टा (312 बोर) तथा 01 रिवाल्वर बरामद की है।
अभियान के तहत नोडल अधिकारी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि शहर में संगठित अपराध, गैंगवार की रोकथाम और अवैध हथियार रखने व बेचने वालों पर नकेल कसने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारस जैन (RPS) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनके सुपरविजन में समस्त सहायक पुलिस आयुक्त व जिला विशेष टीम को प्रतिदिन प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुखबिर तंत्र व आसूचना से पकड़ा गया आरोपी
सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा (RPS) के दिशा-निर्देशन और सुखवीर सिंह (प्रभारी DST जयपुर पूर्व) व गौरव प्रधान (थानाधिकारी मालवीय नगर) के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने आसूचना संकलन कर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक इलाके में अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी राजेश उर्फ राज मीणा को धर दबोचा और उसके पास से अवैध देशी कट्टा और रिवाल्वर जब्त की।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: राजेश उर्फ राज मीणा पुत्र पप्पू राम मीणा
- उम्र: 21 वर्ष
- निवासी: नयागांव, पुलिस थाना पिलोदा, जिला सवाईमाधोपुर
पूर्व में भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजेश उर्फ राज मीणा आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है। वह पूर्व में भी आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार) और एनडीपीएस (मादक पदार्थ तस्करी) के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह हथियार कहां से लाया था और शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त पुलिस टीम: विनोद कुमार शर्मा (सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर), सुखवीर सिंह (प्रभारी DST जयपुर पूर्व) एवं गौरव प्रधान (थानाधिकारी मालवीय नगर) मय DST व थाना जाब्ता।