एसपीजी इंडिया “राहत-2025” मेगा अभियान का भव्य शुभारंभ, जयपुर में हुआ आयोजन
जयपुर, टेलीग्राफ टाइम्स संवाददाता।
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 18,2025
जयपुर शहर में रविवार को सोसायटी फॉर पब्लिक ग्रिवेंसिस (एसपीजी) द्वारा “राहत-2025” मेगा अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस समारोह का नेतृत्व एसपीजी के चेयरपर्सन प्रो. बी. डी. रावत और एसपीजी इंडिया के सचिव डॉ. गोविंद रावत (एडवोकेट) ने किया। इस सामाजिक जनकल्याण अभियान की शुरुआत अलसुबह विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं जन स्थलों पर सेवा कार्यों के साथ की गई।
सेवा और श्रद्धा से जुड़ी शुरुआत
सुबह 5 बजे गोविंद देव जी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, ताड़केश्वर नाथ मंदिर, चौड़ा रास्ता, पिंजरपोल गोशाला सहित अनेक स्थानों पर गायों को चारा खिलाकर अभियान का आगाज हुआ।
इसके उपरांत, सुबह 7 बजे अल्बर्ट हॉल, मोटी डूंगरी, काला हनुमान मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर कबूतरों को दाना डाला गया।
सुबह 8 बजे, पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु मिट्टी के परिंडे (पानी के पात्र) वितरित किए गए।
धार्मिक अनुष्ठान और परंपरा का संगम
ताड़केश्वर नाथ मंदिर, चौड़ा रास्ता में रुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जिसके पश्चात भगवान शिव, गणेश, पार्वती माता, पटवारी माता, संतोषी माता, भैरव बाबा और महाकाल को पारंपरिक पोषाक धारण कराए गए। इस धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था और सामाजिक चेतना का संचार किया।
महिला विंग की सामाजिक पहल
एसपीजी महिला विंग की अध्यक्ष गिर्राज देवी और डॉ. गुंजन ने बताया कि काला हनुमान जी, खोका हनुमान जी, अक्षयपात्र मंदिर, ताड़केश्वर नाथ मंदिर समेत विभिन्न स्थलों पर जरूरतमंद लोगों को सामूहिक छाता वितरण किया गया। यह पहल धूप और बारिश से बचाव हेतु की गई, जिसे जनता ने अत्यंत सराहा।
जलयात्रा और सांस्कृतिक आयोजन
कार्यक्रम समन्वयक मोहिनी, चित्रकला, सोनल और सीए प्रियंका ने बताया कि राधा दामोदर मंदिर में विशेष जलयात्रा, पोषाक धारण और विशेष श्रृंगार कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सार्वजनिक सराहना
एसपीजी इंडिया कार्यकारिणी के सदस्य अंकित खंडेलवाल, कैलाश चंद बड़ाया, हनुमान प्रसाद दुसाद और मुकेश ने बताया कि राहत-2025 अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों से अत्यधिक सराहना मिल रही है। यह अभियान न केवल जरूरतमंदों की सहायता का कार्य कर रहा है, बल्कि समाज को मानवीय मूल्यों और सेवा की भावना से भी जोड़ रहा है।