एसकेआईटी में सहज़ योगा मेडिटेशन सेशन, विद्यार्थियों को मिली मानसिक शांति और स्वास्थ्य का संदेश
लोकेंद्र सिंह शेखावत।टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 29 अगस्त 2025। जगतपुरा स्थित एसकेआईटी के योगा क्लब में “वेलनेस अचीवमेंट थ्रू सहज़ योगा मेडिटेशन” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया और सहज योग की तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य, एकाग्रता और मानसिक संतुलन के महत्व को समझा।
सत्र का संचालन डॉ. आर्चिका जैन और सत्यवीर सिंह ने किया। उन्होंने सहज योग के सिद्धांतों और लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योग और ध्यान न केवल तनाव को दूर करता है बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल को भी बढ़ाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. हेमंत कुमार मीना और उनकी सहज योग टीम उपस्थित रही। उन्होंने प्रतिभागियों को सहज योग के व्यावहारिक अभ्यास कराए और बताया कि किस प्रकार ध्यान और श्वास-प्रश्वास के सही अभ्यास से व्यक्ति आंतरिक शांति और स्वास्थ्य प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत डॉ. आकृति शर्मा और डॉ. संगीता गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी हैं।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने ध्यान की विधियों का अभ्यास किया और अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इससे मानसिक सुकून और एकाग्रता में वृद्धि महसूस हुई। आयोजकों ने आगे भी इस तरह के वेलनेस सेशन्स आयोजित करने की घोषणा की, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में प्रेरित किया जा सके।