एसकेआईटी में विशाल रक्तदान शिविर सम्पन्न, 133 विद्यार्थियों व स्टाफ ने किया रक्तदान
Edited By: लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 14, 2025
जयपुर। स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एस.के.आई.टी), रामनगरिया, जगतपुरा, जयपुर में रेड क्रॉस क्लब व राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “राष्ट्रीय सर्वोपरी” थीम पर आधारित इस शिविर का उद्देश्य आपात स्थितियों में देशवासियों और सीमा पर तैनात जवानों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।
इस शिविर में कुल 133 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने रक्तदान कर मानवीय सेवा में अपना योगदान दिया। रक्तदान प्रक्रिया का संचालन एसएमएस हॉस्पिटल और जयपुरिया हॉस्पिटल के ब्लड बैंक द्वारा किया गया।
शिविर के संयोजक डॉ. ब्रजराज शर्मा और डॉ. दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह शिविर स्वामी केशवानंद जी के मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें हर वर्ष कॉलेज परिवार सक्रिय रूप से भाग लेता है।
संस्था के निदेशक श्री जयपाल मील ने रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि एस.के.आई.टी में रक्तदान शिविर का आयोजन वर्ष में दो बार नियमित रूप से किया जाता है, और इसे मानव सेवा का सर्वोत्तम कार्य माना जाता है।

