जयपुर/ योगेश शर्मा/स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जगतपुरा में बी.टेक. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘शुभागमन – ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग शिक्षा, संस्थान की कार्यप्रणाली, अनुशासन और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
तकनीक का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें: डॉ. पी.सी. पंचारिया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएसआईआर-सीरी (पिलानी) के पूर्व निदेशक डॉ. पी.सी. पंचारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के समग्र विकास में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की रीढ़ जैसी भूमिका है। उन्होंने भावी इंजीनियरों का आह्वान किया कि वे अपनी तकनीकी क्षमताओं और नवाचारों का उपयोग केवल आजीविका तक सीमित न रखकर समाज की जटिल समस्याओं के समाधान और राष्ट्र निर्माण में करें।
निरंतर सीखने और संवाद कौशल से मिलेगी सफलता: सौरभ द्विवेदी
कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ (हिंदी डिजिटल एवं वीडियो स्ट्रेटेजी) के हेड सौरभ द्विवेदी ने विद्यार्थियों में ऊर्जा का संचार करते हुए व्यक्तिगत विकास, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद शैली के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल किताबी ज्ञान से हासिल नहीं होती, बल्कि इसके लिए निरंतर सीखने की ललक, सही दृष्टिकोण, कड़ा अनुशासन और बदलते वक्त के अनुसार खुद को ढालना बेहद जरूरी है।
शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की दी जानकारी
ओरिएंटेशन के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान के विभिन्न तकनीकी क्लबों, नवाचार मंचों, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और प्लेसमेंट सेल की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे अपने पूरे चार वर्ष के शैक्षणिक सफर में सर्वांगीण विकास कर सकें।
संस्थान प्रबंधन व संकाय सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन सुरजाराम मील, वाइस चेयरमैन अनिल बाफना, डायरेक्टर जयपाल मील, डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. एस.एल. सुराना, रजिस्ट्रार रचना मील, प्रिंसिपल डॉ. रमेश पचार, डीन डॉ. आर.के. जैन तथा प्रथम वर्ष इंचार्ज डॉ. संगीता चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।