एसकेआईटी में ‘फ्रेश हिज 2K25’ का भव्य आयोजन — नए छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, सीनियर्स ने बढ़ाया उत्साह
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर, 4 अक्टूबर, स्वामी केशवानंद इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोथन (एसकेआईटी) में एमबीए विभाग द्वारा शनिवार को फ्रेशर्स पार्टी ‘फ्रेश हिज 2K25’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का स्वागत करना और उन्हें कॉलेज परिवेश से जोड़ना रहा।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक रूप से माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मनमोहक भजन प्रस्तुति और कथक नृत्य ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
इसके बाद शुरू हुआ रैम्प वॉक का दौर, जिसमें एमबीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, स्टाइल और स्मार्टनेस का शानदार प्रदर्शन किया। रैम्प वॉक के सिंगल और ग्रुप दोनों राउंड्स में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
तृतीय सेमेस्टर के सीनियर्स ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियों से जूनियर्स का उत्साह बढ़ाया। समूह नृत्य और एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में ‘मिस्टर फ्रेशर’ और ‘मिस फ्रेशर’ की घोषणा रही। निर्णायक मंडल द्वारा चयन के बाद
- मिस्टर फ्रेशर का खिताब सोमित्रा माहेश्वरी को
- मिस फ्रेशर का खिताब इशिता शर्मा को प्रदान किया गया।
दोनों विजेताओं ने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति से सभी का दिल जीत लिया।
समारोह के अंतिम चरण में संगीत और डांस का सेशन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने खुलकर आनंद लिया। रात्रिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें फैकल्टी और विद्यार्थियों ने एक साथ सहभागिता की और सौहार्द का माहौल बनाया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. सविता चौधरी ने विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि— “कॉलेज जीवन आत्म-विकास और नए अनुभवों का सबसे सुंदर अध्याय होता है, जिसे सकारात्मक दृष्टिकोण और उत्साह से जीना चाहिए।”
कार्यक्रम का सफल संचालन फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. मनीषा कौशिक के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करते हैं।