एसकेआईटी में ‘एम्पावर्ड एंड मल्टीफेसेटेड’ विषय पर एलुमनाई एक्सपर्ट टॉक का आयोजन
लोकेंद्र सिंह शेखावत •
जयपुर, 30 अक्टूबर। स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोथन (एसकेआईटी), जयपुर में गुरुवार को ‘एम्पावर्ड एंड मल्टीफेसेटेड (Empowered and Multifaceted)’ विषय पर एक प्रेरक एलुमनाई एक्सपर्ट टॉक का आयोजन किया गया। इस सत्र की मुख्य वक्ता एसकेआईटी की मेधावी पूर्व छात्रा एवं लाइव, लर्न एंड ग्रो में वरिष्ठ विश्लेषक एवं प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीमती काव्यानी जैन रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्रोफेसरों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन से हुई। स्वागत संबोधन में आयोजकों ने पूर्व छात्राओं की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होते हैं।
अपने सशक्त और बहुमुखी व्यक्तित्व पर आधारित प्रेरक वक्तव्य में काव्यानी जैन ने विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रक्रिया को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “हर विद्यार्थी में असीम संभावनाएं होती हैं, जरूरत केवल उन्हें पहचानने और दिशा देने की होती है।”
जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रौद्योगिकी, व्यवसाय और कला जैसे विविध क्षेत्रों में संतुलन बनाकर काम करना ही आज की वास्तविक सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को जुनून, दृढ़ता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने करियर लक्ष्यों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
यह एक्सपर्ट टॉक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के तत्वावधान में आयोजित की गई। विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आकृति शर्मा ने काव्यानी जैन का स्वागत किया और सत्र के अंत में उन्हें संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
छात्रों ने सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया और कई प्रेरक प्रश्न पूछे, जिनका जैन ने अनुभवजन्य उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। प्रतिभागियों ने इसे एक ज्ञानवर्धक और उत्साहवर्धक अनुभव बताया।
कार्यक्रम ने छात्रों को कक्षा के परे व्यावहारिक शिक्षा और उद्योग जगत से जुड़ाव का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह आयोजन एसकेआईटी के उन सतत प्रयासों का हिस्सा रहा, जिनका उद्देश्य छात्रों को अपने सफल पूर्व छात्रों से जोड़कर उन्हें वास्तविक जीवन और उद्योग से जुड़े अनुभव प्रदान करना है।