एसकेआईटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग सत्र का आयोजन, छात्रों और स्टाफ ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 21,2025
जयपुर, 21 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोथन (एसकेआईटी), जयपुर में शुक्रवार को एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान परिसर, रामनगरिया, जगतपुरा में सुबह के समय संपन्न हुआ।
इस योग सत्र का नेतृत्व प्रसिद्ध योग प्रशिक्षिका डॉ. अर्चिका जैन और योग विशेषज्ञ सत्यवीर सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की तकनीकों का अभ्यास करवाया और साथ ही योग के शारीरिक व मानसिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को योग के महत्व से अवगत कराना और उन्हें अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना था। योग सत्र के दौरान ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम जैसे अभ्यासों को कराया गया, जिससे उपस्थित सभी को तनाव मुक्ति और मानसिक शांति का अनुभव हुआ।
सत्र में संस्थान के निदेशक, फैकल्टी सदस्य, प्रशासनिक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने इसे न केवल एक स्वास्थ्यवर्धक पहल बताया बल्कि इसे जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रशासन ने योग प्रशिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आती है, बल्कि यह उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है।