एसकेआईटी जगतपुरा में नवरात्रि उत्सव और फिल्म “तारा एंड आकाश” का रंगारंग प्रमोशन
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर। स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जगतपुरा, जयपुर में नवरात्रि के प्रथम दिन माँ दुर्गा पूजन के साथ भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। परिसर में पारंपरिक संगीत, रंग-बिरंगे परिधान और भक्तिमय माहौल ने श्रद्धा और उमंग का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में करीब 1000 छात्र-छात्राओं ने गरबा, डांडिया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और जोश का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य प्रॉक्टर प्रमोद जैन और संपूर्ण प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने आयोजन का सफल समन्वयन किया।
नवरात्रि महोत्सव के साथ-साथ बॉलीवुड फिल्म “तारा एंड आकाश” का विशेष प्रमोशन भी किया गया। फिल्म के मुख्य कलाकार अभिनेता जितेश ठाकुर और अभिनेत्री अलंक्रिता बोरा ने मंच पर पहुंचकर छात्रों से संवाद किया और फिल्म की झलकियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म 26 सितम्बर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और युवाओं को प्रेरित एवं मनोरंजित करेगी।
पूरे आयोजन का संचालन छात्र संयोजक नितेश मिश्रा ने किया। नवरात्रि के इस भव्य उत्सव ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जुड़ाव और उत्सवधर्मिता की भावना को और प्रबल किया।