एसकेआईटी और एलएंडटी के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण अवसर
जयपुर, 8 सितम्बर 2025। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स।
स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोथान (एसकेआईटी) जयपुर और एलएंडटी अकैडेमिया कंपनी के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को उद्योग और अकादमिक शिक्षा के बीच सेतु प्रदान करना है, ताकि वे व्यावहारिक ज्ञान अर्जित कर सकें और रोजगार की संभावनाओं को और मजबूत बना सकें।
समझौते के अंतर्गत एलएंडटी कंपनी विद्यार्थियों को हाइब्रिड मोड में विशेष प्रशिक्षण सत्र उपलब्ध कराएगी। इन सत्रों में विद्यार्थियों को तकनीकी, प्रबंधन और इंडस्ट्री से जुड़े नवीनतम पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे उनकी प्रोफेशनल स्किल्स का विकास होगा।
इस पहल के तहत 8 सितम्बर 2025 को एसकेआईटी परिसर में एक सूचना सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को सभी प्रशिक्षण मॉड्यूल्स और उनके स्वरूप से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में एलएंडटी एजुटेक कंपनी से रीजनल हेड मुरली अय्यर और मैनेजर अपूर्व सिन्हा ने विशेष रूप से भाग लिया।
इंस्टीट्यूट इनोवेशन काउंसिल के अध्यक्ष और हेड, इनक्यूबेशन सेल डॉ. मुकेश अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी अफेयर्स कार्यालय प्रमुख डॉ. वीरेंद्र संगतानी ने किया।
संस्थान का मानना है कि इस तरह की इंडस्ट्री-एकेडमिक सहयोग पहल से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य-परिस्थितियों की समझ विकसित होगी और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो पाएंगे।