एसईसीएल में वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा हुआ प्रारंभ
| गणपत चौहान, छत्तीसगढ़
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़,साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में 43वां वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 सोमवार से प्रारंभ हो गया। रायगढ़ क्षेत्र की जामपाली खुली खदान में पहले दिन भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबंधक सह महाप्रबंधक (खनन) सुनील प्रसाद द्वारा दीप प्रज्वलन, माता काली की पूजा-अर्चना और सुरक्षा झंडे के ध्वजारोहण के साथ की गई। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का सामूहिक शपथ लिया।

| फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक खनन सुनील प्रसाद ने कहा कि देश के विकास के लिए कोयला उत्पादन आवश्यक है, लेकिन सुरक्षा उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं कामगारों से आह्वान किया कि वे कार्यस्थल पर सावधानी एवं सजगता के साथ काम करें, जिससे न केवल उनकी स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित हो बल्कि उनके परिवार की खुशहाली भी बनी रहे।
समारोह का संचालन कामगार निरीक्षक (खनन) मुकेश कुमार मंडल ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और ठेका कामगार शामिल रहे। कार्यक्रम में खान प्रबंधक प्रेमचंद मेहरा, खान सुरक्षा अधिकारी कमलाकांत नायक, संप्रेषण अधिकारी अमोल बोदले, प्रबंधक मानव संसाधन शिवचरण जांगड़े, डम्प मॉनिटरिंग अधिकारी सुनील कुमार साहू, सर्वे अधिकारी एम. पी. सिंह, भू-राजस्व, पुनर्वास एवं वन पर्यावरण अधिकारी मंजीत बड़ाइक, तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

| फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स
इसके अलावा श्रम संगठन नेता नोमेश कुमार डनसेना, रविकांत मनहर, खान सुरक्षा विभाग के निरंजन महतो, श्रीमती नंदनी, तथा एमआईएल कंपनी के जामपाली प्रभारी नितिन वर्षानी भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर सुरक्षा जागरूकता की आवश्यकता और पखवाड़े के महत्व पर जोर दिया।