एसईकेएमसी इंटक महामंत्री का दो दिवसीय रायगढ़ दौरा सम्पन्न
खदानों का निरीक्षण, मजदूरों की समस्याओं को सुना और आंदोलन तेज करने का आह्वान
Edited By : गणपत चौहान/ छत्तीसगढ़
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 11,2025
बरौद कालरी, छत्तीसगढ़।
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की मजदूर हितैषी यूनियन साउथ ईस्टर्न कोल मजदूर कांग्रेस (इंटक) के केन्द्रीय महामंत्री प्रीतम नाथ पाठक का दो दिवसीय रायगढ़ दौरा विभिन्न गतिविधियों से भरा रहा। इस दौरे में उन्होंने मजदूरों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया।
पाठक, जो कि एसईसीएल कॉर्पोरेट कल्याण बोर्ड के सदस्य भी हैं, ने बोर्ड के अन्य सदस्यों के साथ रायगढ़ क्षेत्र की विभिन्न खदानों, श्रमिक कालोनियों, अस्पतालों और कल्याणकारी संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमिकों के जीवनस्तर, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवासीय व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

बरौद में हुआ भव्य स्वागत
मंगलवार को जब श्री पाठक बरौद कॉलोनी पहुंचे, तो वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। एसईकेएमसी इंटक के केन्द्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गनपत चौहान एवं रायगढ़ क्षेत्रीय महामंत्री मुकेश कुमार मंडल के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्ष व क्षेत्रीय कल्याण समिति सदस्य सुरेश सिंह, संतोष कुमार लहरे, क्षेत्रीय सुरक्षा समिति सदस्य बलभद्र सिंह कंवर, जामपाली अध्यक्ष नोमेश कुमार डनसेना, बरौद अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह बिजारी अध्यक्ष दल्लू बेहरा, संगठन सचिव दूबराज दास मानिकपुरी एवं वरिष्ठ नेता के.के. श्रीवास ने इंटक कार्यालय में बुके भेंट कर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
मजदूरों की समस्याएं सुनकर दिए समाधान के संकेत
बरौद, बिजारी, जामपाली एवं छाल खुली खदानों के मजदूरों ने श्री पाठक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इनमें वेतन विसंगति, श्रमिक सुरक्षा, आवासीय समस्या, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। पाठक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन्हें कंपनी प्रबंधन स्तर पर मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने यूनियन कार्यकर्ताओं और मजदूरों से कहा कि अब समय आ गया है कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन को तेज किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एसईकेएमसी इंटक को रायगढ़ क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर संगठित प्रयास करने होंगे।
आंदोलन का बिगुल, संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान
अपने संबोधन में पाठक ने कहा कि मजदूरों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। यदि कंपनी प्रबंधन समस्याओं को नजरअंदाज करता है, तो संगठन सड़कों पर उतरकर अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे संघठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और श्रमिकों के हितों की रक्षा में कोई कसर न छोड़ें।
उनके इस दौरे से रायगढ़ क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिली है। मजदूरों में विश्वास जगा है कि उनकी आवाज़ अब और बुलंद होगी।