जयपुर/ नरेश गुनानी/राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित की जा रही उप-निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 को निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दो घंटे से अधिक समय तक चली समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति तय की गई। परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 11 चयनित जिलों में किया जाएगा, जिसके प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
फर्जीवाड़े पर सख्त रुख, लागू होगा कड़ा कानून
आयोग के अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। डमी अभ्यर्थियों और नकल गिरोहों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए बायोमेट्रिक पहचान और फेस रिकग्निशन प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित साधन के प्रयोग पर ‘राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम 2022’ के तहत गैर-जमानती धाराओं में त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
11 जिलों में 666 केंद्र, दो पारियों में आयोजन
इस पुनः परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी:
- प्रथम पारी: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (सामान्य हिंदी)।
- द्वितीय पारी: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक (सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान)।
जिलों के अनुसार परीक्षा केंद्रों का विवरण:
- जयपुर: 187 केंद्र (सर्वाधिक)
- जोधपुर: 81 केंद्र
- अजमेर: 74 केंद्र
- उदयपुर: 64 केंद्र
- भरतपुर एवं कोटा: 58-58 केंद्र
- अलवर: 48 केंद्र
- बीकानेर: 47 केंद्र
- हनुमानगढ़: 23 केंद्र
- टोंक: 16 केंद्र
- गंगानगर: 10 केंद्र
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण नियम एवं निर्देश
- केंद्र पर रिपोर्टिंग: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से ठीक 60 मिनट पहले मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे; इसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को भीतर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।
- ओएमआर में 5वां विकल्प: प्रत्येक प्रश्न के लिए पांचवां विकल्प (अनुत्तरित प्रश्न) भरना अनिवार्य है। यदि अभ्यर्थी किसी सवाल का उत्तर नहीं देना चाहता, तो उसे पांचवां गोला काला करना होगा। इस कार्य के लिए प्रत्येक पारी में 10 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
हाईटेक उपकरणों पर कड़ी निगरानी और त्रिस्तरीय जांच
परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ, मोबाइल अथवा मेटा ग्लासेस के प्रवेश को रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। मुख्य द्वार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच के साथ-साथ बायोमेट्रिक थंब इंप्रेशन और फेस रिकग्निशन से ही प्रवेश मिलेगा।
बैठक में पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी, भर्ती एवं अपराध) सहित संबंधित जिलों के जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। पूर्व में डिबार किए गए संदिग्ध अभ्यर्थियों पर एसओजी और एटीएस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निर्धारित एसओपी के तहत वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।