एम.डी. इंटरनेशनल स्कूल में खनके डांडिया, पारंपरिक परिधानों में झूमे विद्यार्थी
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर, 2 अक्टूबर 2025 (टेलीग्राफ टाइम्स)।
रिक्शा मुरलीपुरा स्थित एम.डी. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में पारंपरिक परिधानों से सजे विद्यार्थियों ने गरबा और डांडिया की धुनों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। यह विद्यालय द्वारा आयोजित अपने तरह का पहला रात्रिकालीन सांस्कृतिक आयोजन रहा, जिसमें स्थानीय लोगों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने कक्षा अनुसार समूहवार गरबा एवं डांडिया प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगे परिधानों, तालबद्ध नृत्य और पारंपरिक संगीत ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय प्रांगण में लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल्स पर दर्शकों और विद्यार्थियों ने नाश्ते का लुत्फ भी उठाया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सांगानेर एसीपी विनोद शर्मा, गिरवर सिंह और उनकी टीम (रामनगरिया थाना), पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चन्द्रावत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की सह संयोजक अरुणा टांक सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सचिव एवं निदेशक ने विद्यार्थियों को उत्साहित करने के लिए बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांसर सहित कई पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर इस तरह की सहशैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित करता रहता है ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि क्षेत्र में यह पहला मौका है जब किसी विद्यालय द्वारा रात्रि के समय डांडिया नाइट्स जैसे भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मंच संचालन चंद्र प्रकाश गुर्जर ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए वर्षा न होने पर ईश्वर का धन्यवाद किया और कार्यक्रम का समापन किया।