एनडीए उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन से चौधरी की भेंट
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने दी शुभकामनाएँ
(हरिप्रसाद शर्मा, पुष्कर / संपादन : सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स)
नई दिल्ली/अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर चौधरी ने उन्हें उपराष्ट्रपति चुनाव में सफलता के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
यह मुलाक़ात केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर आयोजित हुई। कार्यक्रम में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से आए सांसदगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि “मुझे पूर्ण विश्वास है कि सी.पी. राधाकृष्णन अपने व्यापक अनुभव, सहज स्वभाव और राष्ट्रनिष्ठा के बल पर एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति सिद्ध होंगे। उनके नेतृत्व में देश की प्रगति और समृद्धि की यात्रा नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी।”
बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई सांसद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।