एजीटीएफ का मिशन नशा मुक्त राजस्थान: 5 करोड़ का अवैध गांजा ज़ब्त — एमपी बॉर्डर से 3 दिन की जबर्दस्त चेज़
गौरव कोचर
जयपुर, 04 अक्टूबर 2025। राजस्थान पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 क्विंटल से अधिक अवैध गांजा ज़ब्त किया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और झुंझुनूं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार देर रात उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र में एक ट्रक कंटेनर से 1014 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
एमपी बॉर्डर से 3 दिन की हाई-वोल्टेज चेज़
एडीजी पुलिस श्री दिनेश एम.एन. के निर्देशन में चली इस विशेष कार्रवाई के तहत पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश बॉर्डर झालावाड़ से ट्रक का पीछा शुरू किया था। गुप्त सूचना और तकनीकी संसाधनों के उपयोग से तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नज़र रखी गई। अंततः तीन दिन की रणनीतिक मॉनिटरिंग के बाद झुंझुनूं पुलिस को अलर्ट किया गया और उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र में ट्रक (RJ 32 GA 8137) को नाकाबंदी कर रोक लिया गया।
गुप्त तहखाने में छिपा था गांजा
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में सामने आया कि ट्रक में चालक सीट के पीछे एक गुप्त तहखाना बनाया गया था। इसे खोलने पर गांजे के भारी-भरकम कट्टे मिले। जब्त माल का कुल वजन 1014 किलोग्राम निकला। पुलिस ने मौके से दो युवकों —
- सुभाष गुर्जर (23) पुत्र सांवर मल, निवासी जाजोद,
- प्रमोद गुर्जर (20) पुत्र भंवर लाल, निवासी दांतारामगढ़, जिला सीकर,
को गिरफ्तार किया।
ओडिशा से शेखावाटी के बड़े तस्करों तक सप्लाई की साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे शेखावाटी क्षेत्र के बड़े तस्करों राजू पचलंगी और गोकुल तक पहुंचाना था। पुलिस ने उदयपुरवाटी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क की फंडिंग, सप्लाई चैन और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से और भी बड़े खुलासे संभव हैं।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़ी सफलता को अंजाम देने में एडीजी दिनेश एम.एन., डीआईजी दीपक भार्गव और एएसपी सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में गठित टीम ने अहम भूमिका निभाई।
- पुलिस निरीक्षक सुभाष सिंह तंवर के नेतृत्व में एएसआई शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल संदीप गांधी ने मुख्य भूमिका निभाई।
- हेड कांस्टेबल कमल सिंह और शशिकांत ने तकनीकी सपोर्ट दिया।
- जयपुर टीम से हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल नरेश कुमार, रतिराम, चालक सुरेश कुमार शामिल रहे।
- झुंझुनूं टीम से हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल अंकित ओला, सुरेंद्र काजला, पंकज शर्मा और सुरेश कुमार का भी योगदान रहा।
सीओ नवलगढ़ और एसएचओ उदयपुरवाटी सहित उनकी टीम भी इस ऑपरेशन का हिस्सा रही।
एडीजी दिनेश एम.एन. ने कहा कि राजस्थान पुलिस का मिशन “नशा मुक्त राजस्थान” पूरी मजबूती से जारी है। इस तरह की कार्रवाई से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर सख्त अंकुश लगेगा और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में ठोस कदम सिद्ध होगा।

