जयपुर, 23 जून/ योगेश शर्मा/भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को किशनपोल विधानसभा क्षेत्र की ओर से एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह सभा चांदपोल बाजार में नींदड़ राव जी का रास्ता स्थित रतन दाल मिल में आयोजित हुई।
समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा जीवन: चंद्र मनोहर बटवाड़ा
किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता चंद्र मनोहर बटवाड़ा ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के उनके संकल्प को आज पूर्ण किया जा चुका है।
बटवाड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों, सुशासन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से समाज के अंतिम छोर पर बैठे सभी वर्गों को सीधा लाभ मिला है, जिससे देश को वैश्विक स्तर पर एक नई गति एवं नई पहचान प्राप्त हुई है।
डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं: चेतन अग्रवाल
प्रमुख समाजसेवी चेतन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं। समाज को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में किशनपोल क्षेत्र के 100 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
इस अवसर पर संगठन के सुदृढ़ीकरण और कार्यक्रम को सफल बनाने में निम्नलिखित पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही:
- कुलदीप शर्मा (मंडल अध्यक्ष)
- कपिल गुर्जर (मंडल अध्यक्ष)
- दीपक शर्मा (मंडल अध्यक्ष)
- इसके साथ ही किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।