नियमित व्यायाम, संतुलित वजन और तनाव प्रबंधन से हृदय रोगों से बचाव संभव
| लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर।
विश्व विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ एवं मेदांता अस्पताल के चेयरमैन पद्मश्री डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा है कि बढ़ती उम्र के साथ यदि वजन पर नियंत्रण रखा जाए और नियमित शारीरिक गतिविधि को जीवन का हिस्सा बनाया जाए, तो हृदय रोगों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।
डॉ. त्रेहन शुक्रवार को जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन द्वारा पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बेहतर और दीर्घायु स्वास्थ्य के लिए आमजन को “तीन आदतों” का मूल मंत्र दिया।
हृदय रोगों से बचाव के तीन सूत्र
डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि रोजमर्रा की जीवनशैली में केवल तीन महत्वपूर्ण बदलाव अपनाकर गंभीर बीमारियों से दूरी बनाई जा सकती है—
नियमित व्यायाम
प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट की शारीरिक गतिविधि आवश्यक है। सप्ताह में कम से कम पांच दिन व्यायाम करने से हृदय स्वस्थ रहता है।
वजन पर नियंत्रण
बढ़ती उम्र के साथ वजन बढ़ना हृदय के लिए अत्यंत घातक सिद्ध होता है। संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली के माध्यम से वजन को नियंत्रित रखना सबसे जरूरी है।
तनाव प्रबंधन
मानसिक शांति के लिए योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाना चाहिए। उन्होंने एक शोध का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग सामाजिक रूप से सक्रिय, खुशमिजाज और छल-कपट से दूर रहते हैं, वे अधिक लंबा और स्वस्थ जीवन जीते हैं।
राजस्थान और गुजरात में हृदय रोगियों की संख्या अधिक
डॉ. त्रेहन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व में हृदय रोगों का सबसे बड़ा बोझ भारत पर है। भारत में भी राजस्थान और गुजरात ऐसे राज्य हैं, जहां हृदय रोगियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। इसका प्रमुख कारण यहां के खान-पान में वसा और चिकनाई की अधिकता है।
उन्होंने कहा कि तनावमुक्त और सात्विक जीवनशैली अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
जयपुर से पुराना जुड़ाव, साझा किए संस्मरण
राजस्थान से अपने गहरे जुड़ाव को याद करते हुए डॉ. त्रेहन ने बताया कि अमेरिका से लौटने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत के आग्रह पर उन्होंने एसएमएस अस्पताल में हृदय रोग उपचार की नींव रखने में सहयोग किया था।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की जनता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी चिकित्सा मशीनें भी एसएमएस अस्पताल को भेंट की थीं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के संयोजक राजीव त्रेहन का आभार जताते हुए कहा कि वे भले ही राजनीतिक व्यक्तित्व हों, लेकिन उनका सामाजिक सरोकारों से गहरा नाता है और उन्होंने अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया है।
भव्य नागरिक अभिनंदन
नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान आमेर विधायक प्रशांत शर्मा, आल इंडिया कांग्रेस ओबीसी नेता एवं राजस्थान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राज सरकार राजेन्द्र सेन, कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा, पीसीसी सचिव माया सुवलका, महेश पुरोहित, आनंद व्यास, गुलशन राजपाल, आरएस देव, भंवर विश्नोई, नरेन्द्र मरवाल, जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से डॉ. नरेश त्रेहन का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भव्य अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम संयोजक राजीव त्रेहन ने बताया कि इस अवसर पर जेटीओए अध्यक्ष सतीश जैन, फोर्टी के सुरजाराम मील, राडा के राजन सरदार, सोनी अस्पताल के बी.के. सोनी, ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के सुनील शर्मा तथा पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा सहित शहर के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

