उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन और संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों में तेजी के निर्देश दिए
नरेश गुनानी
जयपुर, 3 अक्टूबर।
उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को पर्यटन और कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव, पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ तथा विभाग के अन्य अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

बैठक में दिया कुमारी ने पर्यटन ऐप, पर्यटन केंद्र, बावरी रेस्टोरेशन, वार म्यूजियम, गोविंद देव जी मंदिर विकास, शेखावाटी हवेलियों, रोप-वे, हो-हो (होप ऑन होप ऑफ), स्काई डाइविंग, खाटू श्याम जी, जयपुर में कॉन्सर्ट एरिया, मलासेरी, ट्राईबल सर्किट, आमेर विकास, जे के के, शिल्पग्राम सहित अन्य विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही एडवेंचर पॉलिसी और फिल्म पॉलिसी पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दिया कुमारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को प्राप्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने और विभिन्न परियोजनाओं की समयबद्ध समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आवश्यक संसाधनों तथा सुधारों पर चर्चा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन और सांस्कृतिक क्षेत्र के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय रोजगार व संस्कृति संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।