राजसमंद, 19 अक्टूबर/ नरेश गुनानी/प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार प्रातः नाथद्वारा पहुंचकर प्रसिद्ध नाथजी मंदिर में प्रभु की ग्वाल झांकी के दर्शन किए। उन्होंने पूरी श्रद्धा और विधिवत रूप से दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास के साथ सभी नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने की प्रार्थना की।
परंपरा के अनुसार हुआ अभिनंदन और भेंट किया प्रसाद
दर्शन के उपरांत मंदिर परिसर में उपमुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने तिलकायत पुत्र गोस्वामी विशाल बावा से दूरभाष पर बातचीत कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाप्रभुजी की बैठक में मंदिर अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने उपमुख्यमंत्री का आदर सत्कार किया। मंदिर की प्राचीन परंपरा के अनुरूप उन्हें रजाई और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, तथा नाथजी प्रभु का प्रसाद भी भेंट किया गया।
प्रमुख उपस्थिति:
इस धार्मिक यात्रा और दर्शन के दौरान मंदिर मंडल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडे, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, कैलाश पालीवाल, विठ्ठल सनाढ्य, नितिन पानेरी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।