उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध करवाना प्राथमिकता : आरती डोगरा
जोधपुर डिस्कॉम में समीक्षा बैठक, राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने पर दिए सख्त निर्देश
जयपुर, 25 अगस्त। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
राज्य में उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में सोमवार को जोधपुर डिस्कॉम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिजली वितरण कंपनियों की अध्यक्ष एवं जयपुर डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में आरती डोगरा ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएँ और राजस्व वसूली की गति तेज करें। उन्होंने बिजली चोरी पर सख्ती बरतने और अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
टीएंडडी लॉस कम करने पर विशेष ध्यान
अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रिब्यूशन (टीएंडडी) लॉस कम करना डिस्कॉम की प्राथमिकता है। इसके लिए तकनीकी सुधार, प्रभावी निगरानी और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपूर्ति में व्यवधान और ट्रिपिंग की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
आरडीएसएस योजना की मॉनिटरिंग
जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल ने डिस्कॉम की कार्य प्रगति की जानकारी दी। इस पर अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि आरडीएसएस (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण परिणाम प्राप्त हो सकें।
कॉल सेंटर और स्काडा सेंटर का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद आरती डोगरा ने कॉल सेंटर का निरीक्षण किया और वहां की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही उन्होंने स्काडा सेंटर का भी अवलोकन किया और तकनीकी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
बैठक में निदेशक (तकनीक) वी.के. छंगाणी, निदेशक (वित्त) ओ.पी. सीरवी, संभागीय मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा लेखा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आरती डोगरा ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना ही उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।