पुलिस से बचने का तरीका, शव जलाने तक घूमता रहा आरोपी
गौरव कोचर | टेलीग्राफ टाइम्स
उदयपुर, राजस्थान: उदयपुर के मदार गांव स्थित श्मशान घाट में 11 फरवरी को अधजली महिला की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या के आरोपी विनोद टांक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने हत्या के बाद गूगल पर सर्च किया था कि शव को कैसे ठिकाने लगाया जाए और पुलिस से बचने के तरीके क्या हैं।
हत्या के बाद 10 घंटे शव लेकर घूमता रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, दिल्ली की रहने वाली आरती कुमारी (हाल-उदयपुर) और आरोपी विनोद टांक साथ रह रहे थे। आरती द्वारा बार-बार अलग-अलग मांगें किए जाने से विनोद तनाव में था। 11 फरवरी की सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद विनोद ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद करीब 2 घंटे तक वह शव के पास बैठा रहा, फिर उसे कार में डालकर करीब 10 घंटे तक शहर में घुमाता रहा। आखिरकार, उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए गूगल पर सर्च किया और पेट्रोल डालकर श्मशान घाट में जला दिया।

गूगल पर सर्च किए सवालों से खुलासा
पुलिस जांच के दौरान विनोद के मोबाइल डेटा से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। उसने गूगल पर सर्च किया था:
- “हत्या के बाद शव कैसे ठिकाने लगाएं?”
- “पुलिस से कैसे बचें?”
इसके बाद आरोपी ने रात 9 बजे के करीब पेट्रोल खरीदा और शव को श्मशान घाट में जलाने की कोशिश की। लेकिन शव पूरी तरह जल नहीं पाया, जिससे स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली और पुलिस तक मामला पहुंचा।
सीसीटीवी और मोबाइल डेटा से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 100 से ज्यादा मोबाइल नंबरों की जांच की। मुखबिरों की मदद से महिला की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई।
फिलहाल, आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।