उदयपुर में 2 करोड़ 25 लाख की डेकोरेटिव पोल व स्ट्रीट लाइटिंग का लोकार्पण — मंगलवार को मिलेंगी 32.63 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
07अक्टूबर 2025, | जयपुर | नरेश गुनानी
सोमवार को उदयपुर जिले के प्रतापनगर स्थित महिला थाना फ्लाईओवर से भुवाणा चौराहे तक 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से स्थापित डेकोरेटिव पोल एवं स्ट्रीट लाइटिंग का लोकार्पण किया गया। बटन दबाते ही पूरी सड़क रौशनी से जगमगा उठी। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि शहरवासियों को आधुनिक एवं सुरक्षित यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पूर्व यूआईटी चेयरमेन रविन्द्र श्रीमाली, समाजसेवी गजपाल सिंह, यूडीए आयुक्त राहुल जैन, सचिव हेमेंद्र नागर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि इन स्ट्रीट लाइट्स की लागत में 5 वर्षों का अनुरक्षण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कुल 32.63 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा, जिनमें 7 प्रमुख सड़क निर्माण एवं 4 नाला निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था और जल निकासी तंत्र मजबूत होगा।
आवासीय योजनाओं का शुभारंभ
राज्य सरकार की मंशा ‘हमारा प्रयास सबको आवास’ के तहत उदयपुर प्राधिकरण की तीन नई आवासीय योजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा।
- साउथ एक्सटेंशन सेक्टर ए: 550 भूखण्ड
- कलडवास (उद्यम विहार): 311 भूखण्ड
- नौहरा (नान्देश्वर एनक्लेव): 248 भूखण्ड
इन तीनों योजनाओं में कुल 1109 आवासीय भूखण्ड विभिन्न श्रेणियों में ई-लॉटरी के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
21.19 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजनाएं
- एनएच-8 बलीचा तिराहे से कुंडाल तक प्रोफाइल करेक्शन एवं डामरीकरण — ₹7.12 करोड़
- राजस्व ग्राम ढिकली में 60 फीट सड़क एवं पुराने आरटीओ क्षेत्र में सड़क सुदृढ़ीकरण — ₹4.27 करोड़
- मीरा नगर योजना, भुवाणा में 100 फीट रोड जोड़ने वाली मास्टर प्लान सड़क — ₹3.21 करोड़
- कलडवास आवासीय योजना में आंतरिक सड़कें — ₹2.90 करोड़
- दक्षिण विस्तार योजना ब्लॉक सी में आंतरिक सड़कें — ₹3.10 करोड़
11.44 करोड़ रुपये के नाला निर्माण कार्य
- सापेटिया, समता नगर, बीजी नगर से मानसरावर कॉलोनी तक नाला — ₹4.09 करोड़
- राजस्व ग्राम भुवाणा से झालो की तालाब तक नाला — ₹2.93 करोड़
- एकलिंगपुरा गांव से आयड़ नदी तक नाला — ₹2.68 करोड़
- परशुराम चौराहे से जनकपुरी तक नाला — ₹1.74 करोड़
इस प्रकार सड़क निर्माण के लिए 21.19 करोड़ एवं नाला निर्माण के लिए 11.44 करोड़ रुपये समेत कुल 32.63 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात उदयपुर को मंगलवार को मिलेगी।
इन योजनाओं से शहर को बेहतर यातायात व्यवस्था, जलजमाव से राहत और सौंदर्यीकरण की नई पहचान मिलेगी।