उदयपुर में प्राकृतिक पर्यटन को मिली नई पहचान – उबेश्वर जी में जल संरचनाओं और शिव वन उद्यान का लोकार्पण
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 13,2025
उदयपुर, 13 अगस्त 2025।
उदयपुर जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक और आध्यात्मिक स्थल उबेश्वर जी में मंगलवार को जल संरचनाओं और शिव वन उद्यान का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और एयरफोर्स के विंग कमांडर वी.वी. मेहर भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे।
अरावली की पहाड़ियों में स्थित उबेश्वर जी, उदयपुर से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। यहां शिव मंदिर के पास प्राकृतिक पोखर से बहने वाले झरने को और सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए वन विभाग ने तीन स्तर पर जल संरचनाओं का निर्माण किया है। साथ ही शिव वन उद्यान का भी विकास किया गया है, जिससे यह स्थल और भी मनोहारी बन गया है।
गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि उबेश्वर महादेव का आशीर्वाद इस क्षेत्र के विकास का आधार है। संत अवधेशानंद महाराज के चातुर्मास के बाद यहां तेजी से विकास हुआ है और यह स्थान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। उन्होंने बताया कि उदयपुर की झीलें यहां के पर्यटन की जान हैं और उन्हें सालभर भरा रखने के लिए देवास योजना को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उबेश्वर महादेव का झरना आने वाले समय में जिले के प्राकृतिक पर्यटन की नई पहचान बनेगा।
वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि उदयपुर पहले से ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान रखता है। शहर के आसपास ऐसे इको टूरिज्म स्थलों का विकास पर्यटकों को नए विकल्प देगा और यह पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि इन स्थलों के विकास का मूल विचार गुलाबचंद कटारिया का रहा है, जो राज्यपाल रहते हुए भी उदयपुर के विकास के लिए सक्रिय रहते हैं।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि कटारिया भले ही राजस्थान से बाहर हों, लेकिन प्रदेश के विकास की चिंता लगातार करते हैं। उनके मार्गदर्शन में कई नए पर्यटन स्थल विकसित हो रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि महाराणा प्रताप के समय से जुड़े कई ऐतिहासिक स्थलों को चिन्हित कर पर्यटन दृष्टि से विकसित किया जाना चाहिए।
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण
कार्यक्रम की शुरुआत ‘हरियालो राजस्थान – एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण से हुई। इसमें सभी अतिथियों ने भाग लिया।
पेड़ लगाकर सेल्फी और डिजिटल प्रमाण पत्र
वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने लोगों से आह्वान किया कि सभी लोग पेड़ लगाएं और उसके साथ सेल्फी लेकर हरियालो राजस्थान पोर्टल पर अपलोड करें। अपलोड करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की फोटो युक्त डिजिटल प्रमाण पत्र मिलेगा, जो अभियान में भागीदारी का प्रमाण होगा।