हरिप्रसाद शर्मा
अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले से सनसनीखेज और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक बर्बर घटना सामने आई है। जिले के गेगल थाना क्षेत्र के गगवाना गांव में शादी की पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक का सरेआम अपहरण किया और फिर उसके साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। पीड़ित को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, उसके बाल काट दिए गए, जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई और जबरन पेशाब पिलाया गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना से गुस्साए पीड़ित के परिजनों ने गेगल थाने पहुंचकर पुलिस पर ढुलमुल रवैये का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा भी किया।
खेत में लकड़ी काटने के दौरान फिल्मी अंदाज में किया अगवा
पीड़ित युवक जीतू ने पुलिस को सौंपे गए बयान में बताया कि वह 16 मई की सुबह अपने ठेकेदार रफीक मोहम्मद के साथ गगवाना गांव में अफगान नामक व्यक्ति के खेत पर लकड़ी काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए रविंद्र, रामदेव नाथ, प्रकाश नाथ, रामलाल, हेमराज और उनके अन्य साथियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने मौके पर जीतू के साथ जमकर मारपीट की और उसे जबरन पिकअप में पटककर बीर गांव ले गए। जाते-जाते आरोपी खेत से लकड़ी काटने की दो कीमती मशीनें भी लूट ले गए।
बीर गांव में रूह कंपा देने वाली हैवानियत, मांगी 5 लाख की फिरौती
पीड़ित के अनुसार, असली बर्बरता बीर गांव ले जाने के बाद शुरू हुई। वहाँ आरोपियों ने उसे दोबारा लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हद तो तब हो गई जब वहाँ मौजूद सुगनी देवी नाम की महिला ने अमानवीयता की पराकाष्ठा पार करते हुए युवक को जबरन टॉयलेट (पेशाब) पिलाया। इसके बाद आरोपियों ने युवक का सिर मुंडा दिया, उसे जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के परिवार को फोन कर सामाजिक विवाद की एवज में 5 लाख रुपये की फिरौती देने की धमकी भी दी और न देने पर जान से मारने की बात कही।
तलाकशुदा युवती से विवाह बनी वारदात की मुख्य वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरी हैवानियत के पीछे एक युवती से जुड़ा विवाह और पारिवारिक रंजिश मुख्य वजह है। दरअसल, उक्त युवती की पहली शादी बीर गांव के महेंद्र नामक युवक से हुई थी। कोर्ट से तलाक होने के बाद वह अपने पीहर अरड़का गांव में रह रही थी। करीब पांच महीने पहले पीड़ित जीतू ने उस युवती से पुनर्विवाह कर लिया था। आरोप है कि युवती के पूर्व ससुराल पक्ष के लोग इस शादी से खफा थे और जातिगत पंचायती के तहत इस मामले को अपने तरीके से निपटाना चाहते थे। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
थाने में हंगामा, एसपी के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस; 6 आरोपी दबोचे
घटना का वीडियो सामने आने और परिजनों द्वारा थाने पर किए गए भारी हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ (ग्रामीण) रामचंद्र चौधरी तुरंत भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शनिवार शाम करीब 7 बजे विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीमों ने दबिश देकर एक महिला सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में:
- प्रकाश (23) — निवासी गेगल
- विक्रम (20) — निवासी बीर
- गौरवनाथ (21) — निवासी मन्दौपुर बोराड़ा
- हेमराज (24) — निवासी नेहरू नगर, अलवर गेट
- देवीलाल (40) — निवासी बीर
- शायरी (65) — निवासी बीर
शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप और अन्य वाहनों को भी जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि वीडियो के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।