इंड सिनर्जी उद्योग में दर्दनाक हादसा — ऊँचाई से गिरने पर 21 वर्षीय वेल्डर की मौत

इंड सिनर्जी उद्योग में दर्दनाक हादसा — ऊँचाई से गिरने पर 21 वर्षीय वेल्डर की मौत

रायगढ़ के कोटमार महापल्ली स्थित इंड सिनर्जी प्लांट में हुआ हादसा, चक्रधरनगर पुलिस ने जांच शुरू की

(रायगढ़)। गणपत चौहान,छत्तीसगढ़ 
शहर से सटे कोटमार महापल्ली स्थित इंड सिनर्जी उद्योग में मंगलवार शाम एक भीषण औद्योगिक हादसे में बिहार निवासी एक युवा वेल्डर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीकांत कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम देउरी नेवरा, थाना रीषयप, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई है।

Photo credit Telegraph Times

श्रीकांत इंड सिनर्जी पावर प्लांट में ठेका कंपनी एजी कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्यरत था और ठेकेदार अदालत गिरी के अधीन वेल्डर के रूप में काम कर रहा था। हादसा मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब वह कंपनी के हॉपर सेक्शन में चल रहे प्लेटफार्म निर्माण कार्य के दौरान लगभग 45 फीट (करीब 15 मीटर) ऊँचाई पर चैनल वेल्डिंग का काम कर रहा था।

संतुलन बिगड़ने से गिरा नीचे, मौके पर मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेल्डिंग के दौरान अचानक श्रीकांत का शारीरिक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जा गिरा। ऊँचाई से गिरने के कारण उसके शरीर के बाहरी और आंतरिक अंगों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद मजदूरों ने तत्काल यह घटना देखकर शोर मचाया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना तुरंत ठेकेदार अदालत गिरी और कंपनी प्रबंधन को दी गई। घायल अवस्था में श्रीकांत को साथियों ने एंबुलेंस की सहायता से बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल, रायगढ़ पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस ने मर्ग कायम किया

बुधवार को चक्रधरनगर पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के मर्च्युरी रूम में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि श्रीकांत बिना किसी सेफ्टी बेल्ट या सुरक्षा उपकरण के ऊँचाई पर कार्य कर रहा था, जिससे यह दुर्घटना घटी। पुलिस अब कंपनी की सेफ्टी व्यवस्था और ठेकेदार की जिम्मेदारी की दिशा में भी जांच कर रही है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लांट में सुरक्षा उपकरणों की कमी और नियमों के पालन में लापरवाही अक्सर देखी जाती है। उनका कहना है कि यदि श्रीकांत को उचित सुरक्षा बेल्ट और हेलमेट उपलब्ध कराया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।

पुलिस जांच जारी, प्रशासन से रिपोर्ट तलब की जाएगी

चक्रधरनगर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। सेफ्टी प्रोटोकॉल, सुपरवाइजर की निगरानी और ठेका प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियाँ एकत्र की जा रही हैं।
मृतक श्रीकांत के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा।

औद्योगिक सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

रायगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रहे औद्योगिक हादसे श्रमिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इंड सिनर्जी जैसे बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी यदि श्रमिक पर्याप्त सुरक्षा के बिना ऊँचाई पर काम कर रहे हैं, तो यह प्रशासन और उद्योग विभाग दोनों के लिए चेतावनी का संकेत है।

फिलहाल पुलिस मर्ग जांच में जुटी है। मृतक श्रीकांत के परिजनों ने उचित मुआवज़ा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related