इंडस जयपुर हॉस्पिटल में “सर्जिकल महामेला कैम्प 2025” का सफल आयोजन: डॉक्टर्स डे के अवसर पर आमजन को समर्पित एक सप्ताहीय स्वास्थ्य सेवा अभियान
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 05,2025
जयपुर, 5 जुलाई 2025।
डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में इंडस जयपुर हॉस्पिटल, मानसरोवर ने 29 जून से 5 जुलाई 2025 तक “सर्जिकल महामेला कैम्प 2025” का भव्य आयोजन किया। यह सप्ताहव्यापी स्वास्थ्य सेवा अभियान आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं किफायती सर्जिकल सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
शनिवार को कैम्प का समापन राजस्थान सरकार के जनस्वास्थ्य अभियांत्रण मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। मंत्री महोदय ने हॉस्पिटल के इस सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल की सराहना करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य सेवाओं का यह मॉडल प्रदेश के अन्य संस्थानों के लिए अनुकरणीय है। निजी क्षेत्र की ऐसी सहभागिता से राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूती मिलती है।”
विशेषज्ञता और सेवाओं का समावेश
इस कैम्प में हॉस्पिटल के विभिन्न सर्जिकल विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें ऑर्थोपेडिक, न्यूरो सर्जरी, स्पाइन, कार्डियक, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, स्त्री रोग, यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, जनरल सर्जरी एवं ईएनटी शामिल रहे।
चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ आवश्यक जाँचों की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई, जिससे मरीजों को समुचित इलाज की दिशा में एक निर्णायक कदम मिला।
आंकड़ों में सफलता
- 2,800+ मरीजों ने कैम्प के दौरान निःशुल्क परामर्श एवं जांच सेवाओं का लाभ उठाया।
- सैकड़ों की संख्या में मरीजों की प्रारंभिक जाँचों के बाद आवश्यक सर्जिकल प्रक्रियाओं के लिए सूचीबद्ध किया गया।
- कई जटिल मामलों को विशेषज्ञ टीम द्वारा चिन्हित कर त्वरित उपचार प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
सामाजिक सरोकार की मिसाल
इंडस जयपुर हॉस्पिटल की यह पहल केवल चिकित्सा सुविधा तक सीमित न रहकर जनसेवा की भावना को भी उजागर करती है। हॉस्पिटल के निदेशक मंडल एवं प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य कैम्प्स का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकें।