हरिप्रसाद शर्मा | अजमेर
अजमेर-पुष्कर घाटी मार्ग पर सोमवार रात एक ऐसा खौफनाक और आस्था को शर्मसार करने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सुप्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम से रजिस्टर्ड एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने बेकाबू होकर तीन बाइकों को बेरहमी से रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक 22 वर्षीय युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सबसे ज्यादा चौंकाने और आक्रोशित करने वाली बात यह रही कि धार्मिक संस्था के नाम दर्ज इस लग्जरी कार की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।
रात 9:45 बजे मची चीख-पुकार: खाई में गिरते-गिरते बची कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:45 बजे एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (RJ 23 UB 7031) पुष्कर से अजमेर की ओर बेहद तेज गति और लापरवाही से आ रही थी। घाटी क्षेत्र के घुमावदार मार्ग पर कार चालक ने संतुलन खो दिया और सामने से आ रही एक के बाद एक तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर घिसटते चले गए। बाइकों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित फॉर्च्यूनर सड़क किनारे खाई में गिरते-गिरते बची। हादसा होते ही कार में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर पहाड़ी की तरफ भाग निकले।
हादसे में चार घायल, शास्त्री नगर के रोहित ने तोड़ा दम
राहगीरों और पीछे से आ रहे वाहनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। हादसे में घायल सभी 4 लोगों को लहूलुहान हालत में तत्काल अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के शिकार लोग:
- रोहित (22 वर्ष), निवासी शास्त्री नगर (इलाज के दौरान मौत)
- मधुसूदन वैष्णव (29 वर्ष), निवासी शास्त्री नगर (रोहित के चाचा, गंभीर घायल)
- जितेंद्र, निवासी नगरा (गंभीर घायल)
- रवि कुमार, निवासी नगरा (जितेंद्र का साला, गंभीर घायल)
अस्पताल में डॉक्टरों ने शास्त्री नगर निवासी 22 वर्षीय रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।
मंदिर का पुजारी चला रहा था गाड़ी, एसपी सहित भारी जाब्ता मौके पर
धार्मिक संस्था की गाड़ी से हुए इस बड़े हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला और एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ पुलिस के भारी जाब्ते के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार के नंबरों की तस्दीक की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। गाड़ी ‘खाटू श्याम मंदिर कमेटी’ के नाम पर पंजीकृत (रजिस्टर्ड) है। प्रारंभिक जांच और सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि हादसे के वक्त गाड़ी को मंदिर से जुड़ा एक पुजारी दिग्विजय सिंह चौहान चला रहा था।
“पुष्कर घाटी पर कार द्वारा दो से तीन बाइकों को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार बेहद तेज होना सामने आया है। सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में गहन अनुसंधान जारी है।”
— हर्षवर्धन अग्रवाला, एसपी, अजमेर
धार्मिक संस्था की कार में शराब! जनता में भारी आक्रोश
इस हादसे ने जहाँ एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया, वहीं धर्म और आस्था की आड़ में चल रहे ढोंग को भी बेनकाब कर दिया है। कार के भीतर से मिलीं शराब की बोतलों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
- पवित्र धार्मिक नगरी पुष्कर की घाटी में बाबा श्याम के नाम की गाड़ी में शराब की बोतलें कहाँ से आईं और कहाँ ले जाई जा रही थीं?
- क्या गाड़ी चला रहा पुजारी और उसके साथी हादसे के वक्त शराब के नशे में धुत थे?
पुलिस की अगली कार्रवाई:
पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों (पुजारी व अन्य) की तलाश में पहाड़ियों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अब इस बात की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच भी कर रही है कि दुर्घटना के समय कार की वास्तविक गति क्या थी और शराब परिवहन के पीछे क्या मामला है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में इस कृत्य को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।