आरडीटीएम 2025 : राजस्थान में पर्यटन व्यापार का नया अध्याय हुआ प्रारंभ, राजस्थान को पर्यटन में बनाएंगे नंबर वन डेस्टिनेशन – उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, पर्यटन विभाग जल्द शुरू करेगा पर्यटन ऐप
12 सितम्बर 2025, 09:00 PM | जयपुर गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स।
फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) और राजस्थान पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) 2025 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस महत्त्वपूर्ण आयोजन का पहला दिन राजस्थान की परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता नज़र आया।

सिटी पैलेस में आयोजित उद्घाटन सत्र में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राजस्थान पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुक्मणि रियार, एफएचटीआर प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह चंदेला, एफएचटीआर महासचिव सीए वीरेंद्र एस. शेखावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र एस. शाहपुरा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

राजस्थान को पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और मेहमाननवाज़ी हमारी असली ताक़त है। आरडीटीएम 2025 इसी पहचान को और सशक्त बनाते हुए राज्य को पर्यटन जगत में अग्रिम पंक्ति में स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान को दुनिया का नंबर वन पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए जल्द ही पर्यटन ऐप लॉन्च किया जाएगा, जो पर्यटकों के अनुभव को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा, विशेषकर महिला पर्यटकों के लिए।
उन्होंने बताया कि सरकार शेखावाटी की हवेलियों सहित राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही, पर्यटन से जुड़े निवेश, रोजगार और स्थानीय समुदायों के विकास पर भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आयोजन में विचार और दृष्टि का आदान-प्रदान
पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुक्मणि रियार ने कहा कि आरडीटीएम 2025 केवल एक आयोजन नहीं बल्कि राजस्थान की बदलती पर्यटन दृष्टि और संभावनाओं का दर्पण है। वहीं एफएचटीआर प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह चंदेला ने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि जब परंपरा और आधुनिकता साथ आती है तो पर्यटन को नई दिशा मिलती है।
पर्यटन क्षेत्र के योगदानकर्ताओं का सम्मान
इस अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
- सीनियर होटलियर अजीत कुमार बंसल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
- आईएएस निरंजन कुमार आर्य को Enduring Impact on Tourism & Administration
- आईएएस गायत्री राठौड़ को Woman Empowerment in Hospitality & Tourism
- सामोद होटल्स (रावल रघुवेंद्र सिंह एवं रावल यदुवेंद्र सिंह सामोद) को Legacy of Heritage & Tourism Award
- इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के पूर्व प्रेसिडेंट राजीव मेहरा को Hall of Fame Award
- वरिष्ठ पत्रकार निर्मल तिवारी को Outstanding Journalism – Wildlife & Tourism Award प्रदान किया गया।
बी2बी मीटिंग्स और एक्सपो रहेंगे आकर्षण का केंद्र
13 और 14 सितम्बर को बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में खरीदारों और विक्रेताओं के बीच बी2बी मीटिंग्स और एक्सपो आयोजित होंगे। आगंतुकों को टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी से जुड़ी सेवाओं का ‘वन स्टॉप सॉल्यूशन’ मिलेगा। साथ ही, आम जनता के लिए खुली प्रदर्शनी पर्यटन के विविध आयामों का अनुभव कराने का मंच बनेगी।
इस बार की भागीदारी पिछले संस्करण की तुलना में कहीं अधिक व्यापक रही है। बड़ी संख्या में हुई सहभागिता से यह उम्मीद और प्रबल हो गई है कि राजस्थान आयोजनों की धरती होने के साथ-साथ अनुभवों, सांस्कृतिक धरोहर और व्यावसायिक अवसरों का जीवंत संगम बनेगा।