गौरव कोचर
जयपुर। राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण, परिवहन और विक्रय पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान पूरी रफ्तार से जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में की जा रही नाकाबंदी, गश्त और छापेमारी की कार्रवाई में विभाग को बड़ी सफलता मिली है। पिछले 12 दिनों में विभाग ने सैकड़ों गिरफ्तारियां करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
हनुमानगढ़ और उदयपुर में बड़ी खेप पकड़ी
अभियान के दौरान हनुमानगढ़ और उदयपुर जिलों में आबकारी निरोधक दलों ने प्रभावी नाकाबंदी कर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी मदिरा जब्त की है। इन मामलों में नियमानुसार अभियोग दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अलवर, झालावाड़, दौसा, जयपुर, जोधपुर और राजसमंद सहित कई जिलों में हजारों लीटर ‘वॉश’ और अवैध भट्टियां नष्ट कर हथकड़ शराब बरामद की गई।
12 दिनों की कार्रवाई का लेखा-जोखा (1 से 12 मई 2026)
आबकारी आयुक्त के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 1158 अभियोग दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई का विस्तृत विवरण इस प्रकार है:
- गिरफ्तारियां: अभियान के दौरान कुल 460 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
- वाहन जब्ती: अवैध परिवहन में प्रयुक्त 45 वाहन जब्त किए गए हैं, जिनमें 9 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया वाहन और 34 दुपहिया वाहन शामिल हैं।
- मदिरा की जब्ती:
- देशी मदिरा: 4419 लीटर (कीमत लगभग 11.86 लाख रुपये)
- विदेशी मदिरा (IMFL): 3921 लीटर (कीमत लगभग 40.17 लाख रुपये)
- बीयर: 1562 लीटर (कीमत लगभग 3.53 लाख रुपये)
- हथकड़ शराब: 7845 लीटर
- वॉश नष्ट: विभाग ने प्रदेशभर में छापेमारी कर 3 लाख 33 हजार 565 लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट कर अवैध निर्माण की कोशिशों को नाकाम किया है।
अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए यह निरोधात्मक अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग की टीमें खुफिया तंत्र की मदद से अवैध ठिकानों पर निगरानी रख रही हैं ताकि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।