आध्यात्मिक यात्रा के साथ पुष्कर धार्मिक मेले का आग़ाज़

आध्यात्मिक यात्रा के साथ पुष्कर धार्मिक मेले का आग़ाज़

गायत्री शक्ति पीठ से संतों-महन्तों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ — पुष्पवर्षा से स्वागत, रथ पर निकली ब्रह्मा-सावित्री की झांकी

(हरिप्रसाद शर्मा)
पुष्कर (अजमेर)।
विश्वविख्यात पुष्कर धार्मिक मेले का शुभारंभ रविवार को भव्य आध्यात्मिक पदयात्रा के साथ हुआ।
गायत्री शक्ति पीठ से प्रारंभ हुई इस आध्यात्मिक यात्रा ने पुष्कर की गलियों और घाटों में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना दिया। इस यात्रा में संत-महन्तों, धार्मिक संस्थाओं, समाज प्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों और हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर इस आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा के प्रारंभिक स्थल पर पं. कैलाशनाथ दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन करवाया। इस दौरान वातावरण “हर-हर पुष्कर तीर्थराज की जय” के जयघोषों से गूंज उठा।

फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स

🌺 पुष्प वर्षा से स्वागत, शहर की सड़कों पर बिछी फूलों की चादर

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर नगरवासियों और दुकानदारों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। गाजे-बाजे, ढोल-ढमाकों, भजन मंडलियों और लोक कलाकारों की प्रस्तुति से यात्रा माहौल भक्तिमय हो गया।
नगर की प्रमुख सड़कों – नए रंगजी मंदिर, वराह घाट चौक, सदर बाजार, बद्री घाट, गऊघाट, ब्रह्म चौक, ब्रह्मा मंदिर, कपालेश्वर मंदिर तिराया से होती हुई यह यात्रा मेला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक बनी यात्रा

इस आध्यात्मिक यात्रा में हिंदू और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया, जिससे यात्रा सांप्रदायिक सद्भाव और एकता का प्रतीक बन गई।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के प्रतिनिधियों ने भी झांकी के साथ यात्रा में भाग लिया और पुष्कर की इस परंपरा को भाईचारे के संदेश में परिवर्तित किया।

झांकियों ने यात्रा में बांधा समां — स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुति

आध्यात्मिक यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं विभिन्न देवी-देवताओं की जीवंत झांकियां। पुष्कर के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों ने अपने-अपने स्वरूपों के माध्यम से संस्कृति की झलक पेश की।

  • जे.एम.एस., तारामणी, प्रवीण स्कूल, राजकीय विद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बग्घियों पर सजाई झांकियां।
  • गायत्री परिवार, सिख समाज, ब्रह्मा कुमारी, अग्रवाल समाज, माली समाज, हरिरामदास महाराज के अनुयायियों ने भी अपनी-अपनी झांकियों से यात्रा में सहभागिता निभाई।
  • झांकियों में ब्रह्मा, विष्णु, महेश, रामदरबार, हनुमानजी, श्रीनाथजी, राधा-कृष्ण, द्वारिकाधीश और तिरुपति बालाजी के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे।

हरिरामदास महाराज व शिष्यों का अखाड़ा प्रदर्शन बना आकर्षण

अन्नक्षेत्र आश्रम गीता भवन जैतारण के महामंडलेश्वर हरिरामदास महाराज एवं उनके शिष्यों ने यात्रा के दौरान लाठी, तलवार और परंपरागत शस्त्रों का अखाड़ा प्रदर्शन किया। मुख्य बाजार और मेला मैदान पर किए गए करतबों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बताया जाता है कि हरिरामदास महाराज पिछले कई वर्षों से पुष्कर मेले में अन्नक्षेत्र का आयोजन कर रहे हैं, जहां हजारों श्रद्धालु प्रसाद का लाभ उठाते हैं।

विदेशी सैलानियों ने भी उठाया भारतीय संस्कृति का आनंद

आध्यात्मिक यात्रा के दौरान विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने यात्रा के हर दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया। कई विदेशी पर्यटक तो भारतीय लोक कलाकारों के साथ ढोल और बैंड की धुनों पर झूमते नजर आए।
पुष्कर की इस सांस्कृतिक झांकी और आस्था के संगम को देखकर विदेशी पर्यटक रोमांचित हो उठे।

संत, महन्त और अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

यात्रा के शुभारंभ व समापन अवसर पर प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत, एसडीओ गुरुप्रसाद तंवर, पूर्व सभापति कमल पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक, सेनाचार्य स्वामी अचलानंदाचार्य, गिरिशानंद आश्रम के रामानंद शास्त्री, चित्रकूट धाम के संत पाठक महाराज, रामसखा आश्रम के नंदराम शरण महाराज, रमैया राम आश्रम के प्रेमदास महाराज, रामेश्वरानंद महाराज, राजाराम महाराज, उदासीन आश्रम के हनुमानाराम उदासीन, सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर, जगदीश कुर्डिया एवं ज्योतिर्विद भंवरलाल वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रथ पर निकली ब्रह्मा-सावित्री की शोभायात्रा

कार्तिक एकादशी के उपलक्ष्य में ब्रह्मा-सावित्री की शोभायात्रा भी पुष्कर नगर में निकाली गई। सजे हुए रथ पर ब्रह्मा और सावित्री माता की मूर्तियां विराजमान थीं। यह शोभायात्रा मुख्य बाजार होते हुए ब्रह्म घाट पहुंची, जहां राजकुमार पाराशर, विष्णु पाराशर, इंद्रसिंह पंवार, गोपाल पाठक, राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीर्थ पुरोहितों द्वारा महाआरती, अभिषेक और पूजा-अर्चना की गई।
बाद में यह शोभायात्रा मेला मैदान पहुंचकर पूर्ण हुई।

सहयोगी संस्थाओं की भूमिका सराहनीय

आध्यात्मिक पदयात्रा का आयोजन देवस्थान विभाग, पुष्कर मेला विकास समिति, नगर पालिका, पर्यटन विभाग, तथा नगर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से किया गया।
समापन अवसर पर देवस्थान विभाग के सहायक गिरीश वच्छानी ने सभी संत-महन्तों, अतिथियों और प्रतिनिधियों का शाल एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

जयपुर में ‘एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम’ का सफल आयोजन

किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और कृषि हितधारकों को मिला सुरक्षित...

पुष्कर के वल्लभ घाट पर अन्नकूट महोत्सव एवं महाआरती आज

अखण्ड भूमण्डलाचार्य वल्लभाचार्य महाप्रभुजी की 74वीं बैठक में होंगे...