आग से सुरक्षा को लेकर व्यापारियों में जागरूकता: नाहरगढ़ रोड व्यापार मंडल ने बाँटे फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 18,2025
जयपुर।
नाहरगढ़ रोड मनिहारी बाजार व्यापार मंडल ने जयपुर व्यापार महासंघ के सहयोग से व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय और सकारात्मक पहल की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत व्यापारियों को आगजनी जैसी आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर वितरित किए गए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारीगण और जयपुर व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आग लगने की घटनाओं से पहले ही सतर्कता बरतना और व्यवसायिक परिसरों को सुरक्षित बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नाहरगढ़ रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष मिंतर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि,
“व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। आग जैसी आपदा कब कहां घट जाए, इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में फायर सिस्टम और अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था आवश्यक है।”
इस पहल के तहत प्रत्येक व्यापारी को फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर वितरित किया गया और उन्हें इसके उपयोग, रखरखाव और अग्निशमन सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
महामंत्री श्याम सुंदर लश्करी, कोषाध्यक्ष अमित शर्मा, और आजीवन संरक्षक टीकमचंद जैन ने इस पहल को व्यापारियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही, उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन से संबंधित जरूरी उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी ने कहा:
“आज के दौर में अग्निसुरक्षा एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। यह पहल न सिर्फ सतर्कता का प्रतीक है बल्कि व्यापारियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है। सभी व्यापारियों को चाहिए कि वे फायर सेफ्टी के नियमों का पालन करें और आग से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यापारियों ने इस पहल की सराहना की और अपने प्रतिष्ठानों पर जल्द ही फायर सिस्टम लगाने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने जयपुर व्यापार महासंघ और नाहरगढ़ रोड व्यापार मंडल का आभार व्यक्त किया।

