अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने वाली महिला ब्लैकमेलर सहित दो शातिर गिरफ्तार
गौरव कोचर • वरिष्ठ संपादक
जयपुर, 14 अक्टूबर। पुलिस थाना मुरलीपुरा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला ब्लैकमेलर सहित दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामला पहले निवेश के नाम पर लाखों रुपए हड़पने और बाद में होटल में बुलाकर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर और रुपए मांगने से जुड़ा है। आरोपियों ने परिवादी को हिसाब-किताब करने के बहाने मुरलीपुरा स्थित एक होटल में बुलाया, जहां बेहोशी की हालत में उसका अश्लील वीडियो बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने वह वीडियो और फोटो पीड़ित के मोबाइल पर भेजे और बार-बार ब्लैकमेल करने की कोशिश की।
आरोपियों ने फोटो और वीडियो डिलीट करने के बदले पैसे लेने की शर्त पर 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिखत-पढ़त की। पुलिस ने इसी दौरान आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। उनके कब्जे से एक लाख रुपए नकद और लिखत-पढ़त का 500 रुपए का स्टाम्प पेपर बरामद किया गया।
मामले में परिवादी किशनलाल जाट निवासी मानसरोवर, जयपुर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि सुनील लालवानी उर्फ सनी ने अपनी साथी नेहा के साथ मिलकर निवेश के नाम पर रुपए हड़पे और फिर योजनाबद्ध तरीके से जयपुर इन होटल में बुलाकर बिना कपड़ों की तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल किया।
इस पर मुरलीपुरा पुलिस थाना में प्रकरण संख्या 409/25 बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गठित टीम द्वारा की गई कार्रवाई:
टीम ने सादे वस्त्रों में निगरानी रखते हुए उस स्थान पर छापा मारा, जहां परिवादी से रुपए लेकर स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे थे। मौके पर ही दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
गठित टीम:
झाबरमल सउनि, सन्नी कानि 8310, पुरण मल कानि 10812, राजेश कुमार कानि 10640, संतोष मकानि 3966
गिरफ्तार आरोपी:
- सुनील लालवानी उर्फ सनी पुत्र प्रेमचंद लालवानी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ए-12सी दधीची नगर, मुरलीपुरा, जयपुर।
- नेहा कुमावत पुत्री विक्रम कुमावत, उम्र 24 वर्ष, निवासी दौलतसिंहपुरा, थाना निमराना, जिला कोटपूतली-बहरोड़ (वर्तमान में डी-ब्लॉक, मंगलम आधार, वैशाली नगर, जयपुर)।