राजस्थान/अपराध
अलवर में NEET की छात्रा के साथ गैंगरेप, चारों आरोपी फरार — कार्रवाई की धीमी रफ्तार पर सवाल
Written By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 1, 2025
अलवर, राजस्थान: अलवर जिले के NEB थाना क्षेत्र में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ हैवानियत की दर्दनाक घटना सामने आई है। 22 अप्रैल को छात्रा के साथ चार युवकों ने गैंगरेप किया और इस दौरान वीडियो व फोटो भी बनाए। घटना की रिपोर्ट 29 अप्रैल को दर्ज की गई, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे जनाक्रोश और प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।
कोचिंग जाते समय हुआ अपहरण
भिवाड़ी निवासी पीड़िता अलवर में अपने भाई के साथ रहकर कोचिंग कर रही थी। घटना के दिन वह अग्रसेन सर्कल की ओर जा रही थी, तभी उसने एक टेंपो रोका। टेंपो में पहले से चार अनजान लोग बैठे थे। टेंपो चालक ने उसे भगत सिंह सर्किल की बजाय सुनसान इलाके में ले जाकर पर्दे गिरा दिए और अपने तीन साथियों के साथ मिलकर छात्रा को अगवा कर लिया।
तीन घंटे तक दरिंदगी, फिर सड़क पर फेंका
आरोपियों ने छात्रा को एक सुनसान इलाके में ले जाकर करीब तीन घंटे तक बारी-बारी से गैंगरेप किया। इस दौरान उन्होंने उसका वीडियो भी बनाया और तस्वीरें खींची। फिर दोपहर करीब 4 बजे सिटी हॉस्पिटल के पास उसे फेंककर फरार हो गए।
अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए अभी तक गिरफ्तारी न होना बेहद चिंता का विषय है।
सवालों के घेरे में पुलिस की कार्रवाई
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसी गंभीर घटनाओं में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए थी। प्रशासन से मांग की जा रही है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

