अलवर में आयोजित भामाशाह विप्र गौरव सम्मान समारोह में वन राज्य मंत्री ने की शिरक
समाज के बौद्धिक और सांस्कृतिक उत्थान में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका: वन राज्यमंत्री
अलवर, 12 अक्टूबर 2025।
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
अलवर जिला ब्राह्मण महासभा द्वारा ब्राह्मण छात्रावास में रविवार को भामाशाह एवं विप्र गौरव सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और समाजसेवा, शिक्षा, संस्कृति एवं समाज उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 101 भामाशाहों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया।

मंत्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के बौद्धिक और सांस्कृतिक उत्थान में ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए बालकों के साथ बालिकाओं की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर सामाजिक उत्तरदायित्व में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में प्रदेश में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा है। पिछले वर्ष इस अभियान के तहत साढ़े सात करोड़ पौधे लगाकर उनकी तस्वीरें ‘माई भारत’ पोर्टल पर अपलोड की गईं। वहीं, इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के स्थान पर अब तक करीब साढ़े ग्यारह करोड़ पौधे लगाकर उनकी तस्वीरें ‘हरियालो राजस्थान’ ऐप पर अपलोड की जा चुकी हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दें और अधिकाधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। समारोह के दौरान मंत्री ने ब्राह्मण छात्रावास में नए कमरों के निर्माण कार्य की नींव भी रखी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन, भामाशाह, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन महासभा के पदाधिकारियों ने किया और अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

