अलवर पुलिस ने 24 घंटे में 78 लाख की चोरी का किया पर्दाफाश
ट्रेलर और लोहे की ब्लेड बरामद, एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अलवर से नरेश गुनानी/ जयपुर से गौरव कोचर
जयपुर/अलवर, 01 अक्टूबर।
अलवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर 78 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी हुआ ट्रेलर और उसमें लदी 38 लाख रुपये कीमत की लोहे की ब्लेड बरामद करने के साथ ही गिरोह के एक मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ मामला दर्ज
एसपी सुधीर चौधरी ने जानकारी दी कि 13 सितंबर को झारखंड से एक ट्रेलर में लगभग 38 लाख रुपये कीमत की लोहे की ब्लेड भिवाड़ी के लिए रवाना हुई थीं। 29 सितंबर को परिवादी ने वैशाली नगर थाना, अलवर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेलर का चालक, कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर, वाहन व माल सहित फरार हो गया। इसके बाद आरोपी फिरोज मन्नाका और उसके साथी परिवादी से 3 लाख रुपये की फिरौती की मांग करने लगे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चौधरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ (IPS) और सीओ अंगद शर्मा की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें वैशाली नगर थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी के नेतृत्व में थाना टीम और ज़िला स्पेशल टीम (DST) शामिल थी।
टीम ने तकनीकी व मानवीय सूचना जुटाते हुए कम समय में ही आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की और मुख्य आरोपी अजुरुद्दीन उर्फ लाला मेव (30), निवासी शीतल थाना बडोदामेव, को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुआ ट्रेलर, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, और उसमें लदी लोहे की ब्लेड, कीमत लगभग 38 लाख रुपये, कुल मिलाकर 78 लाख रुपये का माल बरामद कर लिया गया।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने इस सफल व त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और फिरौती की योजना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

