अलवर जिले के रैणी कस्बे में गोतस्करों पर शिकंजा, 6 गौवंश मुक्त
04 अक्टूबर 2025, जयपुर।
गौरव कोचर
अलवर जिले के रैणी कस्बे में गोतस्करी की कोशिश नाकाम हो गई। रामपुरा रोड पर गोरक्षकों की सजगता से दो गो तस्कर पकड़े गए और उनके कब्जे से 6 गौवंश को मुक्त कराया गया।
गोरक्षकों ने घटना की जानकारी तुरंत गोपालन विभाग के निदेशक पंकज ओझा को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री ओझा ने अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से तत्काल बातचीत की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रैणी थाने में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने मौके पर ही पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है, जिसमें गोवंश को ले जाया जा रहा था। पकड़े गए दोनों तस्करों को गोरक्षकों ने पुलिस के हवाले कर दिया, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुक्त कराए गए सभी गौवंशों को सुरक्षित रूप से राजगढ़ की भोरंगी गोशाला पहुंचाया गया है।
गोपालन विभाग के निदेशक ओझा ने कहा कि, “गोरक्षकों की सतर्कता से गौवंश की जान बच पाई है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और दोषियों को कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा।”