अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना में आवेदन 31 दिसंबर तक, 10 माह तक हर माह मिलेंगे 2000 रुपये
नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स

जयपुर, 19 नवंबर।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक मामलात विभाग, जयपुर की ओर से अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने बताया कि यह योजना उन अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के लिए है—मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई, बौद्ध और पारसी—जो स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत हैं और घर से दूर रहकर जयपुर में किराये पर कमरा लेकर अध्ययन कर रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी जो जयपुर जिला मुख्यालय या नगर परिषद् सीमा के बाहर निवासरत हैं और जयपुर में पेइंग गेस्ट के रूप में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें आवास, भोजन, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं के पुनर्भरण के लिए इस योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
योजना के तहत विद्यार्थियों को उनके महाविद्यालय प्रवेश माह के आधार पर प्रतिवर्ष अधिकतम 10 माह तक 2000 रुपये प्रतिमाह डीबीटी के रूप में दिए जाएंगे। यह सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी एसएसओ पोर्टल — sso.rajasthan.gov.in — या sims.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना से संबंधित किसी भी अन्य जानकारी के लिए आवेदक कार्यालय के दूरभाष नंबर 0141-2785723 पर संपर्क कर सकते हैं।