अमर शहीद हेमू कालानी स्मारक का शाहपुरा में भव्य अनावरण, युवाओं के लिए बनेगा प्रेरणा स्रोत
भीलवाड़ा से विशेष रिपोर्ट | 12 अगस्त 2025
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा में मंगलवार को अमर शहीद हेमू कालानी की स्मृति में निर्मित स्मारक और प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। यह आयोजन शाहपुरा नगर पालिका और पूज्य सिंधी पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में, महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अनावरण करते हुए कहा कि हेमू कालानी भारत के सबसे कम उम्र के स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे, जिन्होंने मात्र 19 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता संग्राम के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि हेमू कालानी का साहस और त्याग आज भी युवाओं को प्रेरित करता है और यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाएगा।
देवनानी ने अपने संबोधन में बताया कि हेमू कालानी न केवल एक मेधावी छात्र थे, बल्कि तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ में भी निपुण थे। “जब जीवन की शुरुआत होती है, उसी उम्र में फांसी का फंदा स्वीकार करना राष्ट्रधर्म के पालन का सर्वोच्च उदाहरण है,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक लालाराम बेरवा, मुंबई से पधारे शहीद के परिजन—श्रीमती कमला कालानी, श्री सुरेश कालानी और नरेश कालानी—विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए और पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को नमन किया गया।
सिंधी कॉलोनी, शाहपुरा में स्थापित यह स्मारक न केवल एक ऐतिहासिक धरोहर बनेगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी और मजबूत करेगा।